UP Road Accident: वैष्णो देवी से लौट रहे परिवार की दर्दनाक मौत! ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, माता-पिता समेत तीन बच्चों की गई जान
उत्तर प्रदेश में शुक्रवार शाम एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। नेशनल हाईवे-34 पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर मौत हो गई। हादसे में पति-पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चे जान गंवा बैठे। बताया जा रहा है कि पूरा परिवार वैष्णो देवी दर्शन कर लौट रहा था और एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव जा रहा था।
यह हादसा अगौता थाना क्षेत्र के खेतलपुर भांसौली कट के पास हुआ। मृतकों की पहचान गांव धमेड़ा कीरत निवासी ठाकुर उत्तम सिंह (40), उनकी पत्नी उर्मिला (36), बेटे निशांत (10), बेटी दिशा (8) और छोटी बेटी नायरा (5) के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया और परिवार के घर पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के मुताबिक उत्तम सिंह अपने परिवार के साथ मंगलवार को वैष्णो देवी दर्शन के लिए गए थे। जाते समय उन्होंने अपनी छोटी बेटी नायरा को खुर्जा स्थित अपनी साली के घर छोड़ दिया था और बाइक भी वहीं खड़ी कर दी थी। शुक्रवार को परिवार ट्रेन से वापस खुर्जा पहुंचा। इसके बाद वे साली के घर पहुंचे और वहां से अपनी बाइक लेकर गांव के लिए रवाना हो गए।
बताया जा रहा है कि बाइक पर पति-पत्नी के साथ तीनों बच्चे भी सवार थे। छोटी बेटी नायरा को बाइक की टंकी पर बैठाया गया था जबकि बाकी दोनों बच्चों को बीच में बैठाया गया। इसके अलावा बाइक के दोनों तरफ भारी बैग भी बंधे हुए थे और एक बैग हैंडल पर रखा हुआ था। इसी दौरान जब परिवार हाईवे-34 पर खेतलपुर भांसौली कट के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सभी लोग सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में सभी के सिर पर गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद सड़क पर खून ही खून बिखरा हुआ था। मौके पर पहुंचे शाह फैज नाम के युवक ने बताया कि जब वह वहां पहुंचे तो दंपती और दो बच्चों के शरीर में कोई हरकत नहीं थी। छोटी बच्ची में हल्की सांस दिखाई दी तो उन्होंने उसे गोद में उठाकर अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही पलों में उसकी भी मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। वहीं हादसे को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना इतनी भयावह थी कि वहां मौजूद लोग सदमे में आ गए और किसी को ट्रक का पीछा करने तक का ध्यान नहीं रहा।
इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में अब केवल दो साल का एक मासूम बच्चा बचा है, जो इस यात्रा पर नहीं गया था। गांव में शोक की लहर है और हर किसी की आंखें नम हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।



