UP Flood: सीएम योगी ने बाढ़ पीड़ितों के लिए उत्तराखंड-पंजाब-हिमाचल भेजी राहत सामग्री, गंगा फिर रौद्र रूप में
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को उत्तराखंड, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री भेजी। सीएम योगी ने लखनऊ स्थित लोकभवन से राहत सामग्री वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। राहत सामग्री में खाने-पीने की चीजें, दवाइयां और अन्य आवश्यक सामग्री शामिल हैं, जिन्हें तुरंत प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचाया जाएगा।
इससे पहले सीएम योगी ने लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में 1112 कनिष्ठ सहायक और 22 एक्स-रे टेक्नीशियन को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि अब युवाओं को बिना किसी सिफारिश या लेन-देन के सीधे नियुक्ति पत्र मिलते हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गरीब, ग्रामीण या जरूरतमंद नागरिकों की समस्याओं का समाधान पूरी प्रतिबद्धता के साथ किया जाए और किसी के साथ भेदभाव न किया जाए।
उधर, पूर्वांचल में गंगा नदी ने फिर अपना रौद्र रूप दिखाया है। वाराणसी में गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु के पार पहुंच चुका है और जलस्तर लगातार खतरे के निशान की ओर बढ़ रहा है। घाटों पर पानी भरने से तर्पण करने वाले श्रद्धालुओं को सड़कों और गलियों में बैठकर अपने धार्मिक कृत्य करने पड़ रहे हैं। वहीं, रिहायशी इलाके भी बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। बलिया जिले में गंगा पहले ही खतरे के निशान से ऊपर बह रही है और प्रशासन सतर्कता बरत रहा है।
जिला प्रशासन ने सभी प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है और फंसे हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी ने लोगों से भी अपील की है कि वे जलस्तर बढ़ने के कारण किसी भी जोखिम में न पड़ें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।



