UP BJP List: यूपी में भाजपा ने घोषित किए नए जिलाध्यक्ष, सीएम योगी ने बुलाई बैठक
भाजपा के बहुप्रतीक्षित जिला और महानगर अध्यक्षों की घोषणा रविवार को कर दी गई। यूपी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों के संगठन में बड़ा बदलाव किया है। रविवार दोपहर पार्टी ने अपने नए जिलाध्यक्षों और महानगर अध्यक्षों के नाम जारी किए। कई जिलों में नए जिलाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं, जबकि कुछ जगहों पर पुराने अध्यक्षों को दोबारा मौका दिया गया है।
इस बार संगठन में महिलाओं की भागीदारी को भी बढ़ाया गया है। पहली बार प्रदेश भाजपा कार्यालय से एक साथ सभी नामों की घोषणा नहीं की गई, बल्कि जिले-जिले में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से नामों की घोषणा की जा रही है।
उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शाम सात बजे अपने आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। इस बैठक में सभी विभागों के प्रमुख सचिव और अपर सचिवों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है।
भाजपा में लंबे समय से महानगर और जिला अध्यक्षों की सूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया चल रही थी, जिसमें कुछ पेच फंसे हुए थे। अब पार्टी ने इसे अंतिम रूप देकर घोषणा शुरू कर दी है।