Unnao Accident: उन्नाव,आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार पलटी, 4 यूपीडा कर्मचारी की मौत
उन्नाव में शनिवार को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक हादसा हुआ। तेज रफ्तार आर्टिगा कार के टायर फटने के कारण यह अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे के डिवाइडर से टकराई और पलट गई। हादसे के समय हाइवे पर यूपीडा के छह कर्मचारी काम कर रहे थे, जिनमें से चार की मौके पर ही मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार यह घटना सुबह लगभग 11:30 बजे एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 257 पर हुई। अनियंत्रित कार ने काम कर रहे कर्मचारियों को टक्कर मारते हुए पलट गई। मृतक कर्मचारी लवकुश, राम किशोर, मुकेश और सरवन थे, जबकि कृष्णपाल और राकेश गंभीर रूप से घायल हैं। सभी मृतक और घायल एक ही थाना क्षेत्र, बेहटा मुजावर, के रहने वाले हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही सीओ बांगरमऊ संतोष सिंह और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर हाईवे पर यातायात बहाल किया। हादसे में कार में सवार लोगों के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिली है।



