
Delhi Railway Development: केंद्र व दिल्ली सरकार मिलकर कर रही है दिल्ली के विकास के लिए कार्य : राजकुमार बल्लन
नई दिल्ली ( शिवा कौशिक ) : दिल्ली में रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 8976 करोड़ रुपये के कार्य चल रहे हैं जिसमें 13 स्टेशनों का पुनर्विकास और यात्री सुविधाओं का विस्तार शामिल है। इसी विषय पर बात करते हुए प्रभारी, दिल्ली प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा, वरिष्ठ भाजपा नेता राजकुमार बल्लन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार मिलकर राजधानी के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने तथा जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और शानदार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास, यात्रियों की सुरक्षा को मजबूत करने के साथ ही पटरियों के दोहरीकरण व अन्य कार्य हो रहे हैं। श्री बल्लन ने बताया कि दिल्ली के 13 रेलवे स्टेशनों नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल, कैंट, सराय रोहिल्ला, शाहदरा, नरेला, सफदरजंग, बिजवासन, सब्जी मंडी, तिलक ब्रिज और आदर्श नगर का पुनर्विकास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इन स्टेशनों पर आने जाने की व्यवस्था, भवनों के आधुनिकीकरण, प्रतीक्षालय, बैठने की व्यवस्था, शौचालय, पेयजल सुविधाएं, प्लेटफार्म शेड, फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट और एस्केलेटर जैसी सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। श्री बल्लन ने बताया कि पार्किंग, दिव्यांगजन के लिए सुगम पहुंच, बेहतर सूचना प्रणाली और शहर के दोनों तरफ स्टेशन की कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा वित्त वर्ष 2026-27 के लिए दिल्ली में रेलवे विकास के लिए 2711 करोड़ का रिकॉर्ड बजट निर्धारित किया गया है, नई दिल्ली वाराणसी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू होने से दिल्ली व उप्र के प्रमुख शहरों के बीच यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी। श्री बल्लन ने बताया कि स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं को बेहतर किया जा रहा है, पुनर्विकास कार्य भी शुरू हो गया है। उन्होंने कहा की दिल्ली सरकार जनता के हित में कार्यों को करने के लिए पूरी तरह से प्रयासरत है।






आपकी राय