UGC Rules 2026: विरोध तेज, दिल्ली से लखनऊ तक प्रदर्शन, UP में राष्ट्रपति शासन की मांग
यूजीसी रूल्स 2026 के विरोध में देशभर में हंगामा बढ़ता जा रहा है। दिल्ली स्थित यूजीसी दफ्तर के बाहर बड़ी संख्या में छात्रों ने प्रदर्शन किया, वहीं यूपी में बरेली और लखनऊ से इस्तीफों की खबरें सामने आई हैं। यूपी पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री ने नियमों के विरोध में पद से इस्तीफा दिया और शंकराचार्य के अपमान को इसकी वजह भी बताया। भाजपा के कई नेताओं में भी असंतोष देखा जा रहा है।
उत्तर प्रदेश में नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री को अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। उन्हें जिलाधिकारी शामली कार्यालय से जोड़ दिया गया है, जबकि जांच अधिकारी कमिश्नर बरेली भूपेंद्र एस चौधरी बनाए गए हैं।
सवर्ण समाज में यूजीसी रूल्स 2026 के विरोध की लहर बढ़ रही है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र ने कहा कि नियम छात्रों के बीच भेदभाव और विभाजन को बढ़ावा दे सकते हैं। उन्होंने सरकार से इस नियम पर पुनर्विचार की मांग की है, ताकि समानता और सामाजिक समरसता बनी रहे।



