Home मैं भी रिपोर्टर पहली ही बारिश में जहांगीरपुरी में जलभराव ने खोली सरकार की तैयारियों...

पहली ही बारिश में जहांगीरपुरी में जलभराव ने खोली सरकार की तैयारियों की पोल : एम. एल. भास्कर

0
7
एम. एल. भास्कर

पहली ही बारिश में जहांगीरपुरी में जलभराव ने खोली सरकार की तैयारियों की पोल : एम. एल. भास्कर

नई दिल्ली ( सी.पी.एन.न्यूज़ ) : राजधानी दिल्ली में मानसून की पहली तेज़ बारिश ने एक बार फिर जहांगीरपुरी क्षेत्र की बदहाल जल निकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। सरकार और संबंधित विभागों द्वारा मानसून से पहले नालों की सफाई तथा जलभराव रोकने के किए गए बड़े-बड़े दावे पहली ही बारिश में धराशायी होते दिखाई दिए। जहांगीरपुरी के अनेक इलाकों में सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं, जिससे आम नागरिकों, दुकानदारों, स्कूली बच्चों, महिलाओं और वाहन चालकों को घंटों तक भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। रोहिणी जिला कांग्रेस एससी विभाग के चेयरमैन एम. एल. भास्कर ने क्षेत्र का दौरा करने के बाद कहा कि पहली ही बारिश में पी.डब्लू डी और निगम के नालों की वास्तविक स्थिति जनता के सामने आ गई है। यदि समय रहते नालों की प्रभावी सफाई की गई होती और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया गया होता, तो लोगों को इतनी कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ता। एम. एल. भास्कर ने कहा कि जहांगीरपुरी के कई इलाकों में नाले गाद और कूड़े से भरे पड़े हैं। संबंधित विभागों की लापरवाही के कारण बारिश का पानी सड़कों और गलियों में भर गया। इससे न केवल यातायात प्रभावित हुआ बल्कि लोगों के घरों और दुकानों तक पानी पहुंचने की स्थिति बन गई। कई स्थानों पर लोगों को पानी के बीच से निकलकर अपने दैनिक कार्यों पर जाना पड़ा। उन्होंने कहा कि हर वर्ष मानसून से पहले करोड़ों रुपये नालों की सफाई और जलभराव रोकने के नाम पर खर्च किए जाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन ज़मीनी हकीकत बिल्कुल अलग दिखाई देती है। यदि कार्य समय पर और ईमानदारी से किया जाता, तो पहली ही बारिश में यह स्थिति पैदा नहीं होती। यह स्पष्ट करता है कि संबंधित विभागों की तैयारियां केवल कागज़ों तक सीमित रहीं। एम. एल. भास्कर ने मांग की की पी.डब्लू डी , निगम और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल जहांगीरपुरी के जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण करें, सभी बड़े और छोटे नालों की विशेष सफाई कराई जाए तथा जल निकासी व्यवस्था को स्थायी रूप से मजबूत किया जाए। साथ ही जिन अधिकारियों और ठेकेदारों की लापरवाही के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है, उनके खिलाफ जवाबदेही तय कर उचित कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देती रही है और आगे भी जहांगीरपुरी की जनता के हितों के लिए सड़क से लेकर संबंधित विभागों तक लगातार आवाज़ उठाती रहेगी। यदि जल्द ही जलभराव और नालों की सफाई की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here