रेखा गुप्ता के नेत्रत्व में सरकार सही दिशा में आगे बढ़ रही है : अजय महावर
भविष्य के लिए तैयार किया गया है ठोस रोडमैप
नई दिल्ली (रविंद्र कुमार) : दिल्ली में वर्षों से लंबित पड़ी बुनियादी समस्याओं को दूर करने के लिए सरकार ने चरणबद्ध रणनीति के तहत कार्य करना शुरू कर दिया है। वायु प्रदूषण, यमुना की सफाई, सीवर व्यवस्था, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सुधार को प्राथमिकता दी जा रही है। यह कहना है घोंडा के विधायक अजय महावर का | अजय महावर ने कहा कि दिल्ली लंबे समय से विकास के कई मोर्चों पर बैकलॉग की स्थिति में रही है।
चाहे वायु प्रदूषण की समस्या हो या यमुना नदी की स्वच्छता, शिक्षा व्यवस्था हो या स्वास्थ्य सेवाएं इन सभी क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। उन्होंने कहा कि अब सरकार ने इन सभी मूलभूत विषयों को केंद्र में रखकर एक ठोस रोडमैप तैयार किया है, जिसके तहत अगले तीन वर्षों में दिल्ली के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी बड़ी समस्या का समाधान एक दिन में संभव नहीं होता। लेकिन सरकार ने लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध तरीके से काम शुरू कर दिया है।
सीवर और जल प्रबंधन व्यवस्था को दुरुस्त करने, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने, सरकारी स्कूलों और अस्पतालों की स्थिति सुधारने तथा वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए विभिन्न योजनाएं लागू की जा रही हैं। अजय महावर ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार सही दिशा में आगे बढ़ रही है और भारतीय जनता पार्टी द्वारा जारी संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में दिल्लीवासियों को इन प्रयासों का प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
स्थानीय स्तर पर भी विकास कार्यों को गति दी जा रही है, ताकि हर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं में सुधार हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि विकास केवल सरकार के प्रयासों से ही संभव नहीं है, बल्कि इसमें समाज की भागीदारी भी उतनी ही जरूरी है। नागरिकों को अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए और स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा में सहयोग देना चाहिए। वहीं अधिकारियों से अपेक्षा की गई कि वे नीतियों को ज़मीन पर ईमानदारी और प्रभावशीलता के साथ लागू करें।
वायु प्रदूषण जैसे जटिल मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह एक दीर्घकालिक समस्या है, जिसका समाधान सरकार, समाज और विभिन्न संस्थाओं के सामूहिक प्रयास से ही संभव है। उन्होंने अपील की कि सभी वर्ग मिलकर जिम्मेदारी निभाएं, तभी दिल्ली को एक स्वच्छ और विकसित राजधानी के रूप में स्थापित किया जा सकेगा। विधायक अजय महावर ने कहा कि सरकार का संकल्प दिल्ली को बेहतर जीवन शैली देने का है और आने वाले समय में विकास कार्यों की रफ्तार और तेज की जाएगी।



