कूड़े से आज़ादी का अभियान दिल्ली को बनाएगा स्वच्छ एवं कूड़ा मुक्त : मुकेश बंसल
नई दिल्ली ( शिवा कौशिक ) : दिल्ली को स्वच्छ एवं कूड़ा मुक्त बनाने के लिए जन अभियान चलाया जाएगा। सोमवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली नगर निगम मुख्यालय से दिल्ली को कूड़े से आजादी-स्वच्छता अभियान 2026 का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, शहरी विकास मंत्री आशीष सूद और दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही भी मौजूद रहे। इस अभियान पर बात करते हुए कर्दमपुरी वार्ड के निगम पार्षद मुकेश बंसल ने कहा कि इस अभियान के तहत ना केवल सार्वजनिक स्थलों की सफाई सुनिश्चित होगी बल्कि नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह विशेष स्वच्छता अभियान पूरी दिल्ली में आगामी 2 अक्तूबर तक चलेगा। श्री बंसल ने कहा कि दिल्ली को कूड़े से आजादी का संकल्प केवल सफाई व्यवस्था तक सीमित नहीं है बल्कि यह लोगों की सोच और व्यवहार में स्वच्छता को शामिल करने का अभियान भी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग की नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। श्री बंसल ने बताया कि दिल्ली को कूड़े से आजादी दिलाने के लिए सरकार का लक्ष्य केवल सफाई अभियान चलाना नहीं बल्कि स्वच्छता को नागरिकों के दैनिक व्यवहार और जीवनशैली का हिस्सा बनाना है। उन्होंने बताया कि इसके लिए सरकारी विभागों, स्थानीय निकायों, बाजार संगठनों, आरडब्ल्यूए, शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों को एक साथ जोड़कर इस अभियान को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप दिया जाएगा। श्री बंसल ने कहा कि दिल्ली की सबसे बड़ी समस्याओं में कूड़ा और गंदगी प्रमुख हैं, प्रतिदिन बड़ी मात्रा में कूड़ा उत्पन्न होने के बावजूद उसका पर्याप्त प्रसंस्करण ना होने के कारण दिल्ली में कूड़े के पहाड़ खड़े हुए है लेकिन अब इन समस्याओं के समाधान के लिए सरकार पूरी दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के सहयोग से नगर निगम स्वच्छता सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से कार्य कर रही है।



