बुराड़ी की बदहाली सरकार की नाकामी, टूटे रोड, बढ़ती बीमारियां और पीने को गंदा पानी :आदेश भारद्वाज
न्यू दिल्ली ( सी.पी.एन.न्यूज़ ) : उत्तर-पूर्वी लोकसभा के बुराड़ी में बीजेपी की दिल्ली सरकार की उदासीनता ने आम जनजीवन को नर्क बना दिया है। टूटी-फूटी 100 फुट चौड़ी मुख्य सड़क, 20 मिनट की बारिश पर जलभराव, दिल्ली जल बोर्ड का बदबूदार गंदा पानी और अनधिकृत कॉलोनियों में डेंगू-मलेरिया-चिकनगुनिया का बढ़ता प्रकोप—ये मुद्दे अब असहनीय हो चुके हैं।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने बुधवार को इन समस्याओं पर कड़ा प्रहार करते हुए बीजेपी सरकार को ‘जन-विरोधी’ करार दिया और सरकार से इन समस्याओं में तत्काल सुधार की मांग की। इस तरह अनेकों समस्याओं पर सरकार और आला अधिकारियों को पत्राचार के माध्यम से अवगत करा चुके बुराड़ी विधानसभा निवासी और करावल नगर कांग्रेस जिलाध्यक्ष आदेश भारद्वाज ने भी कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि बुराड़ी की 100 फुट मुख्य सड़क कई वर्षों से टूटी पड़ी है। गड्ढों से भरी यह सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन रही है।
स्कूल जाने वाले बच्चे, बुजुर्ग और दुकानदार रोज खतरे में जी रहे हैं। नगर निगम और पी.डब्लू.डी. की मिलीभगत से करोड़ों का बजट बर्बाद हो गया, लेकिन सड़क का नामोनिशान नहीं। आदेश ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने दिल्लीवालों को झूठे वादों पर धोखा दिया है। जरा सी बारिश आते ही बुराड़ी की गलियां नालों में बदल जाती हैं। हल्की बूंदाबांदी पर जलभराव से सड़कें तालाब बन जाती हैं, जिससे वाहन फंसते हैं और ट्रैफिक जाम आम हो गया है। आदेश ने कहा कल बीस मिनट की बारिश में ही सैंकड़ों दुकानों और घरों में पानी घुस गया, जिसे से लोगोंका लाखों रुपए का सामान का नुकसान हो गया।
ड्रेनेज सिस्टम की अनदेखी ने बुराड़ी को ‘जल प्रलय क्षेत्र’ बना दिया है। सबसे घातक है दिल्ली जल बोर्ड का प्रदूषित पानी। पीने योग्य होने का दावा करने वाले पाइपलाइनों से बदबूदार, गंदा पानी बह रहा है, जो किडनी और पेट संबंधी बीमारियां फैला रहा है। अनधिकृत कॉलोनियों में तो हालात और भी बदतर हैं। वहां लोगो को डेंगू और मलेरिया के बढ़ते मरीज और चिकनगुनिया के प्रकोप का डर सता रहा है। और सरकार चुप्पी साधे बैठी है। चुनावों से पहले जुमलो की बरसात करने वाली सरकार न जाने कब लोगो को उनकी समस्याओं से राहत देगी।



