निगम भी जुटी आयुष्मान योजना को गति देने में : मुकेश बंसल
70 से ज्यादा टेस्ट होंगे मुफ्त
नई दिल्ली ( सी.पी.एन.न्यूज़ ) दिल्ली नगर निगम भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मिशन आयुष्मान भारत योजना को गति देने में जुट गई है और निगम का स्वास्थ्य विभाग अपने हेल्थ सेंटरों को आयुष्मान आरोग्य मंदिर में तब्दील करने में जुटा है। यह कहना है शाहदरा उत्तरी वार्ड समिति के उपाध्यक्ष कर्दम पुरी से निगम पार्षद मुकेश बंसल का | निगम के 11 पब्लिक हेल्थ सेंटरों को आयुष्मान आरोग्य मंदिर का रूप दिया जा चुका है। यहां मरीजों को डे केयर की सुविधा भी दी जाएगी, साथ ही 70 से ज्यादा तरह के टेस्ट बिल्कुल मुफ्त किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली नगर निगम के सभी 12 जोन में पहले से पब्लिक हेल्थ सेंटर काम कर रहे है। अब इन्हें दिल्ली सरकार के सहयोग से चरणबद्ध तरीके से आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में बदला जा रहा है। एमसीडी के यूपीएचसी आयुष्मान मंदिरों में दो कंसलटेंट रूम, एक ड्रेसर रूम, लैब, डे केयर कम प्रोसिजर रूम, इम्युनाइजेशन कोल्ड चेन रूम, फार्मेसी रूम, वेलनैस एरिया और वॉशरूम की व्यवस्था की गई है। हर यूपीएचसी आयुष्मान मंदिर में दो मेडिकल ऑफिसर, एक स्टाफ नर्स, पांच एएनएम, एक लैब टैक्नीशियन, एक फार्मासिस्ट, एक सीडीईओ, एक अकाउंटेंट, पब्लिक हेल्थ मैनेजर, हेल्थ विजिटर और सैनिटेशन स्टाफ तैनात किया जाएगा।
मुकेश बंसल कहते हैं पहले इन स्वास्थ्य केंद्रों पर डे केयर की सुविधा नहीं थी। इस वजह से मरीजों को गंभीर स्थिति में बड़े अस्पताल रेफर करना पड़ता था। अब आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में पहली बार मरीजों को सुबह से शाम तक की देखभाल की सुविधा दी जाएगी। मरीज को जरूरत के मुताबिक दवाइयां दी जाएंगी और 70 से ज्यादा तरह के टेस्ट बिल्कुल मुफ्त किए जाएंगे। अधिकारी ने यह भी बताया कि एमसीडी के अलग-अलग जोन में 11 आयुष्मान आरोग्य मंदिर काम करना शुरू कर चुके हैं।
अगले 2-3 महीनों में करीब 50 और आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू कर दिए जाएंगे। इन पर तेजी से काम चल रहा है। मुकेश बंसल कहते हैं आज के जमाने में ट्रीटमेंट बदलते वक्त के साथ महंगा होता जा रहा है. आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए कई गंभीर बीमारियों का इलाज कराना मुश्किल हो जाता है. इसी बात का ख्याल रखते हुए सरकार प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत देश के गरीब और जरूरतमंद परिवारों को 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा दे रही है. इसका लाभ उठाने के लिए आपको आयुष्मान कार्ड बनवाना होगा |



