गरीब जनता को लूटने का काम कर रही है भाजपा सरकार : विपिन शर्मा
नई दिल्ली ( शिवा कौशिक ) : केंद्र सरकार ने साफ कर दिया है कि पेट्रोल और डीजल के दाम में कोई कमी नहीं होने जा रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल चाहे जितना भी सस्ता हो जाए कम से कम दो से तीन महीने तक कीमतों को लेकर कोई बात नहीं होगी। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गुरुवार को कहा कि देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें कम होंगी या नहीं, इस पर फैसला अगले दो से तीन महीनों में ही लिया जा सकता है। इसी विषय पर बात करते हुए रोहताश नगर से पूर्व विधायक विपिन शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस देश की जनता को लूटने का काम कर रही है। श्री शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश के गरीब वर्ग के साथ धोखा कर रही है, उनका हर तरह से शोषण कर रही है। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 126 डॉलर प्रति बैरल से घटकर 71 डॉलर प्रति बैरल पर आ गिरी हैं जिसके बाद भी भारत में अब तक पेट्रोल डीजल की कीमतों को नहीं घटाया गया है जो सीधा सीधा देश की जनता के साथ अन्याय है। श्री शर्मा ने कहा कि बात सिर्फ पेट्रोल और डीजल की नहीं है, अगर पेट्रोल और डीजल के दाम अधिक होते है तो हर चीज के दाम बढ़ जाते है चाहे वह फल, सब्जियों से लेके दूध हो या अन्य चीजें हो। उन्होंने कहा कि जब पेट्रोल और डीजल के दाम कम हो सकते हैं और अन्य चीजों के महंगे होने पर रोक लग सकती है तो फिर भाजपा ऐसा क्यों नहीं कर रही है? चुनाव के समय तो भाजपा ने जनता से बहुत बड़े बड़े वादे किए थे कि वह महंगाई को कम करेंगे, अब कहा गए वह सभी वादे। श्री शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को इस देश की जनता की कोई फिक्र नहीं है चाहे जनता महंगाई की मार ही क्यों ना झेल रही हो, भाजपा सिर्फ झूठे वादे करना जानती है, भाजपा सिर्फ पूंजीपतियों के लिए योजनाएं बनाना जानती है, महंगाई कम करना, रोजगार उपलब्ध करवाना, शिक्षा के स्तर को बेहतर करना, महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था का ध्यान रखना, बुजुर्गों की पेंशन चालू कराना इन सभी कार्यों को करने के लिए भाजपा के पास सिर्फ बहाने ही है योजनाएं नहीं।



