Swaroop Nagar Incident: स्वरूप नगर में निर्माणाधीन इमारत की शटरिंग गिरने से हादसा, मकान मालिक सहित पांच श्रमिक घायल
दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब एक निर्माणाधीन इमारत की शटरिंग अचानक भरभराकर गिर गई। इस दुर्घटना में मकान मालिक जहीरू और उसके साथ शटरिंग का काम कर रहे चार श्रमिक घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दमकल विभाग को शाम 6:20 बजे सूचना मिली कि नंगली पुना रोड स्थित अमन कॉलोनी में एक निर्माणाधीन मकान की शटरिंग गिर गई है और कई लोग मलबे में दबे हो सकते हैं। सूचना मिलते ही स्वरूप नगर थाने की पुलिस और दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर रवाना हुईं। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद तुरंत राहत कार्य शुरू किया गया। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और इलाज के लिए सिंघु बॉर्डर के पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हादसा उस वक्त हुआ जब श्रमिक मकान की पहली मंजिल का लेंटर डालने से पहले शटरिंग लगाने का काम कर रहे थे। मकान करीब ढाई सौ गज में फैला हुआ था और लगभग 20 फीट की ऊंचाई पर काम चल रहा था। उसी दौरान शटरिंग का एक बड़ा हिस्सा अचानक गिर गया, जिससे ऊपर काम कर रहे सभी लोग नीचे आ गिरे और घायल हो गए।
दमकल अधिकारी सीएल मीना ने बताया कि घायलों में से दो श्रमिकों की हालत सामान्य है, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि तीन अन्य का इलाज जारी है। अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि मलबे में किसी और के दबे होने की संभावना नहीं है, हालांकि एहतियातन देर रात तक मलबा हटाने का काम जारी रखा गया।


