महाठग सुकेश चंद्रशेखर ने एक बार फिर आम आदमी पार्टी को 60 करोड़ रुपए देने का आरोप लगाया है। सुकेश बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडीज के साथ पहली बार दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में पेश हुआ। इधर, कोर्ट ने ED को सुकेश की पत्नी की 26 कारें जब्त करने का आदेश दिया है। सुकेश चंद्रशेखर के वकील अनंत मलिक ने कहा- सुकेश ने पैसों के लेनदेन के जो आरोप लगाए हैं, इसकी जांच खुद हाईपावर कमेटी भी कर चुकी है। कमेटी ने भी कहा है कि आरोप गंभीर हैं और इसकी जांच केंद्रीय एजेंसियों से करानी चाहिए। जांच एजेंसियां जब उन्हें बुलाएंगी, वे हाजिर होंगे। पटियाला कोर्ट में पेशी के दौरान सुकेश ने मीडिया से दावा करते हुए कहा कि उसने आम आदमी पार्टी को 60 करोड़ रुपये दिए हैं। जिस पर अब आम आदमी पार्टी के विधायक और प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने जवाब दिया है।
आप प्रवक्ता ने सुकेश चंद्रशेखर के दावे का जवाब देते हुए कि कहा कि, “हमने अपने जीवन में कभी भी 1 करोड़ रुपये एक साथ नहीं देखे। हमें यह भी नहीं पता कि एक करोड़ में कितने बैग आते हैं।’ सौरभ भारद्वाज ने आगे कहा कि, ‘बीजेपी की मीनाक्षी लेखी भी सुकेश चंद्रशेखर को सुकेश जी कहती हैं। चंद्रशेखर बीजेपी के स्टार प्रचारक हैं और उन्हीं के इशारे पर बोल रहे हैं।’ भारद्वाज के बताया कि यह वही सुकेश चंद्रशेखर हैं, जिन्होंने गृह मंत्री के नाम पर रैनबैक्सी के मालिकों से 230 करोड़ रुपये लिए थे।’



