Spain Train Crash: स्पेन में हाई-स्पीड ट्रेनों की भीषण टक्कर, 21 की मौत, 30 की हालत नाजुक
स्पेन के दक्षिणी हिस्से में स्थित कॉर्डोबा शहर के पास एक भीषण रेल हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। दो हाई-स्पीड ट्रेनों की आमने-सामने हुई टक्कर में अब तक 21 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 70 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। इनमें से करीब 30 यात्रियों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और उन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। यह दर्दनाक हादसा कॉर्डोबा से लगभग 20 किलोमीटर दूर अदामुज इलाके के पास हुआ, जहां मलागा से मैड्रिड जा रही हाई-स्पीड ट्रेन अचानक अज्ञात कारणों से पटरी से उतर गई।
जानकारी के मुताबिक मलागा से मैड्रिड जा रही ट्रेन में कुल 317 यात्री सवार थे। ट्रेन के पटरी से उतरते ही वह पास की लाइन पर आ रही दूसरी हाई-स्पीड ट्रेन से जा टकराई, जो मैड्रिड से हुएल्वा की ओर जा रही थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रेनों के कई डिब्बे पटरी से उतर गए और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। स्पेन के परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते ने हादसे को बेहद भयावह बताया और कहा कि मलागा-मैड्रिड ट्रेन के आखिरी दो डिब्बे सामने से आ रही ट्रेन के पहले दो डिब्बों से टकरा गए, जिससे जान-माल का भारी नुकसान हुआ।
हादसे की सूचना मिलते ही अंडालूसिया क्षेत्र की आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य में फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीमें और स्पेन की सैन्य आपातकालीन इकाई को भी लगाया गया। स्थानीय लोगों ने भी मानवीय संवेदना दिखाते हुए घायलों की मदद की और कई यात्रियों को पास के केंद्रों तक पहुंचाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। देर रात तक मलबा हटाने और यात्रियों को सुरक्षित निकालने का काम चलता रहा।
स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज़ ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे देश के लिए बेहद दर्दनाक रात बताया। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। स्पेन के शाही परिवार की ओर से भी शोक संदेश जारी किया गया है। रेलवे अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है, क्योंकि कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे के बाद प्रभावित रेल मार्गों पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया है और कम से कम मंगलवार तक सेवाएं बहाल होने की संभावना नहीं है। रेलवे कंपनी एडिफ ने यात्रियों और उनके परिजनों की मदद के लिए मैड्रिड के आटोचा स्टेशन, मलागा और हुएल्वा में सूचना केंद्र स्थापित किए हैं और एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। गौरतलब है कि इससे पहले स्पेन का सबसे बड़ा रेल हादसा जुलाई 2013 में हुआ था, जब तेज रफ्तार के कारण ट्रेन के पटरी से उतरने से 79 लोगों की मौत हो गई थी। इस ताजा हादसे ने एक बार फिर हाई-स्पीड रेल सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



