Shopian Encounter: ऑपरेशन सिंदूर के बाद सेना का कड़ा प्रहार, लश्कर का आतंकी ढेर, सर्च ऑपरेशन जारी
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने सीमा पार आतंकी शिविरों को नष्ट कर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया था। अब उसी क्रम में सेना ने जम्मू-कश्मीर के भीतर आतंकियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के शुकरू केलर इलाके में मंगलवार सुबह सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों को घेर लिया, जिसके बाद भीषण मुठभेड़ शुरू हुई।
अधिकारियों ने बताया कि इस मुठभेड़ में अब तक लश्कर का एक आतंकी मारा गया है, जबकि दो से तीन आतंकियों के छिपे होने की आशंका है। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और सभी एंट्री और एक्जिट पॉइंट्स सील कर दिए गए हैं ताकि आतंकी भाग न सकें।
यह मुठभेड़ शोपियां के जम्पाथरी क्षेत्र में हो रही है, जहां सुरक्षाबलों को आतंकियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी। सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है और सेना का लक्ष्य है कि या तो आतंकियों को जिंदा पकड़ लिया जाए या उन्हें मार गिराया जाए।
सेना सूत्रों ने बताया कि यह कार्रवाई भारत की नई आतंकवाद विरोधी नीति का हिस्सा है, जिसमें ‘नो टॉलरेंस’ का सख्त संदेश दिया गया है। ऑपरेशन सिंदूर के तहत पहले ही पाकिस्तान सीमा के भीतर कई आतंकी ठिकानों को तबाह किया गया था, जिससे आतंकी नेटवर्क में खलबली मच गई है।
इस ऑपरेशन से स्थानीय लोग भी प्रभावित हुए हैं। उन्हें सतर्क रहने को कहा गया है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत सुरक्षाबलों को देने की अपील की गई है। सेना ने भरोसा दिलाया है कि आम लोगों की सुरक्षा प्राथमिकता है और हर कदम सावधानी से उठाया जा रहा है।
सेना के मुताबिक, यह मुठभेड़ आतंकवाद की कमर तोड़ने की बड़ी रणनीति का हिस्सा है, ताकि जम्मू-कश्मीर में स्थायी शांति बहाल की जा सके। फिलहाल पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट है और सुरक्षाबलों की टीमें तलाशी अभियान को तेज कर चुकी हैं।



