Shastri Park Murder: शास्त्री पार्क हत्याकांड: उत्तर पूर्वी दिल्ली में चाकू से गोदकर युवक की हत्या, भतीजे पर गंभीर आरोप
उत्तर पूर्वी दिल्ली के थाना शास्त्री पार्क इलाके में देर रात एक सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी। 32 वर्षीय वसीम की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग सहमे नजर आए। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी गई।
मृतक वसीम के परिजनों ने हत्या के पीछे उसके ही भतीजे का हाथ होने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि आपसी रंजिश और पुराने विवाद के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मारा गया वसीम वही शख्स है जिस पर कुछ दिन पहले गुरु तेग बहादुर अस्पताल में हाशिम बाबा गैंग के शूटरों ने हमला करने की कोशिश की थी। उस घटना में शूटरों की गलती से वसीम की जगह अस्पताल में भर्ती एक अन्य मरीज की गोली लगने से मौत हो गई थी, जिससे मामला पहले ही काफी चर्चाओं में रहा था। अब वसीम की हत्या ने उस पुराने मामले को भी फिर से सुर्खियों में ला दिया है।
जांच में सामने आया है कि वसीम पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे और वह छेनू गैंग से जुड़ा बताया जा रहा था। पुलिस के अनुसार वह थाना शास्त्री पार्क का घोषित अपराधी भी था। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और गैंगवार की भूमिका हो सकती है।
फिलहाल थाना शास्त्री पार्क पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और परिजनों व स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा और इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।



