Shamli Encounter: शामली एनकाउंटर: एक लाख का इनामी फैसल ढेर, संजीव जीवा गैंग का कुख्यात शार्प शूटर था
उत्तर प्रदेश के शामली जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली, जब कुख्यात संजीव जीवा गैंग से जुड़ा एक लाख रुपये का इनामी बदमाश फैसल एनकाउंटर में ढेर कर दिया गया. झिंझाना थाना क्षेत्र के ऊन-चौसाना मार्ग पर वाहनों की चेकिंग के दौरान फैसल और उसके साथियों ने पुलिस पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे ढेर कर दिया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया. इस मुठभेड़ में एसओजी सिपाही दीपक निर्वाण घायल हो गए,
जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. मुठभेड़ झिंझाना पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में हुई, जो लंबे समय से फैसल की तलाश में थी. पुलिस के मुताबिक, एनकाउंटर के दौरान दोनों ओर से करीब एक दर्जन राउंड फायरिंग हुई. जवाबी फायर में गोली लगने से फैसल गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया. एनकाउंटर स्थल से दो मोटरसाइकिलें, दो .32 बोर की पिस्टल, नौ जिंदा कारतूस, पांच खोखे, एक लूटी गई बाइक, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है. पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश में झिंझाना जंगल क्षेत्र में व्यापक कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है. फैसल मेरठ जिले के लिसाड़ी गेट इलाके का रहने वाला था और वर्तमान में मुजफ्फरनगर के खालापार क्षेत्र में ठिकाना बनाए हुए था.
वह कुख्यात संजीव जीवा गैंग का सक्रिय शार्प शूटर था और कई जिलों में अपराध की घटनाओं में शामिल था. पुलिस रेकॉर्ड के अनुसार, फैसल पर हत्या, लूट, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज थे. उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था. पुलिस सूत्रों ने बताया कि हाल ही में गुरुवार शाम को फैसल ने बरनावी गांव में लूट की वारदात को अंजाम दिया था. इससे पहले उसका साथी शाहरुख पठान डेढ़ माह पहले एसटीएफ मुठभेड़ में मारा गया था. फैसल की मौत के बाद क्षेत्र में अपराधियों में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस बल को सतर्क कर दिया गया है. पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने बताया कि यह मुठभेड़ कानून व्यवस्था बनाए रखने और कुख्यात अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा थी. उन्होंने कहा कि अपराध और भयमुक्त समाज की दिशा में पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.



