Sambhal violence: संभल हिंसा के मास्टरमाइंड शारिक साठा की संपत्तियों पर बड़ी कार्रवाई
उत्तर प्रदेश के संभल जिले में 24 नवंबर 2024 को शाही जामा मस्जिद सर्वे के विरोध के दौरान हुई हिंसा के मास्टरमाइंड और अंतरराष्ट्रीय वाहन चोर शारिक साठा के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए उसकी चल और अचल संपत्तियों को कुर्क करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला न्यायालय से आदेश जारी होने के बाद बुधवार सुबह संभल पुलिस और प्रशासनिक अमले ने नखास थाना क्षेत्र स्थित शारिक साठा के मकान पर कुर्की की कार्रवाई को अमल में लाया। आदेश की औपचारिक घोषणा डुगडुगी बजाकर की गई और माइक के माध्यम से कोर्ट का आदेश सार्वजनिक रूप से पढ़ा गया।
कार्रवाई से पहले कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में फ्लैग मार्च किया गया और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जिसमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं। प्रशासन की ओर से पहले ही एसडीएम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर दी गई थी ताकि कुर्की की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी कराई जा सके। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। तहसीलदार धीरेंद्र कुमार ने बताया कि कोर्ट के निर्देशों के अनुसार शारिक साठा की प्रॉपर्टी अटैच की गई है और रेवेन्यू विभाग व पुलिस की संयुक्त टीम पूरी कार्रवाई पर नजर रखे हुए है।
यह संपत्ति शहर के सबसे महंगे इलाकों में स्थित है और चार मंजिला इमारत में केवल वही हिस्सा कुर्क किया गया है जो फरार आरोपी शारिक साठा की मिल्कियत में है। उल्लेखनीय है कि 24 नवंबर की हिंसा में चार लोगों की मौत हुई थी, जिसके बाद से ही आरोपी फरार चल रहा है और पुलिस लगातार उसके खिलाफ सख्त कदम उठा रही है।



