Home देश दुनिया Saharanpur Dowry Case: स्विफ्ट के बदले स्कॉर्पियो की मांग, विवाहिता की आत्महत्या...

Saharanpur Dowry Case: स्विफ्ट के बदले स्कॉर्पियो की मांग, विवाहिता की आत्महत्या के बाद पति गिरफ्तार

0
51

Saharanpur Dowry Case: स्विफ्ट के बदले स्कॉर्पियो की मांग, विवाहिता की आत्महत्या के बाद पति गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में दहेज उत्पीड़न का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। 24 वर्षीय दीपांशी नाम की विवाहिता ने लगातार दहेज की मांग और प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद से उसका पति और ससुराल वाले फरार थे, लेकिन अब पुलिस ने मुख्य आरोपी पति विशाल को गिरफ्तार कर लिया है।

यह मामला सहारनपुर के थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, मृतका दीपांशी की शादी लगभग 21 महीने पहले विशाल पुत्र राजेंद्र से हुई थी। परिवार के मुताबिक शादी के कुछ समय बाद से ही पति, सास और ससुर उस पर स्कॉर्पियो कार लाने का दबाव डालने लगे थे, जबकि शादी में पहले ही स्विफ्ट कार दी गई थी। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर दीपांशी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

30 नवंबर की रात घर के अंदर दीपांशी का शव फंदे से लटका मिला। परिवार ने जब पुलिस को सूचना दी, तब तक पूरा ससुराल पक्ष घर से फरार हो चुका था। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने कई महत्वपूर्ण साक्ष्य इकट्ठे किए। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण ‘लटककर आत्महत्या’ बताया गया, लेकिन मायके पक्ष द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के आधार पर इसे दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया।

घटना के बाद मृतका के पिता चरण सिंह उर्फ सोनू ने एफआईआर दर्ज करवाई और कहा कि उनकी बेटी पर शादी के बाद से ही लगातार स्कॉर्पियो कार लाने का दबाव बनाया जाता था। उन्होंने बताया कि कई बार पंचायतें भी हुईं, समझौते हुए, लेकिन उत्पीड़न बंद नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि उनकी शांत स्वभाव की बेटी लगातार मारपीट और धमकियों का सामना कर रही थी। घटना से एक दिन पहले भी उसने फोन कर अपनी जान को खतरा बताया था।

मुखबिर की जानकारी पर पुलिस ने आरोपी विशाल को 7 दिसंबर की शाम कस्बे के खुराना कॉम्प्लेक्स में छिपे हुए गिरफ्तार किया और अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि 3 नामजद आरोपियों के खिलाफ धारा 85, 351(3), 80(2) बीएनएस और 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि आरोपी विशाल ने पूछताछ में दहेज विवाद को लेकर झगड़े की बात स्वीकार की है। उन्होंने कहा कि अन्य फरार दो आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा।

इस घटना ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश पैदा कर दिया है और लोग दहेज प्रथा के खिलाफ कड़े कदम की मांग कर रहे हैं। मृतका के परिवार का कहना है कि उनकी बेटी की मौत सिर्फ आत्महत्या नहीं, बल्कि दहेज के नाम पर की गई हत्या है, और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए ताकि कोई और बेटी ऐसी त्रासदी का शिकार न बने।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here