Home देश दुनिया Saharanpur Accident: सहारनपुर में दर्दनाक हादसा, झुकी दीवार गिरने से साइकिल चला...

Saharanpur Accident: सहारनपुर में दर्दनाक हादसा, झुकी दीवार गिरने से साइकिल चला रहे दो मासूमों की मौत

0
37

Saharanpur Accident: सहारनपुर में दर्दनाक हादसा, झुकी दीवार गिरने से साइकिल चला रहे दो मासूमों की मौत

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से एक बेहद दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां खेलते-खेलते दो मासूम बच्चों की जिंदगी हमेशा के लिए खत्म हो गई। गंगोह थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव में शुक्रवार को एक मकान की पुरानी और झुकी हुई दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी, जिसकी चपेट में आकर दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया, जिससे पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है।

पुलिस और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की पहचान 12 वर्षीय अजमल और 4 वर्षीय शिफान के रूप में हुई है। दोनों बच्चे गांव की गलियों में साइकिल चला रहे थे। इसी दौरान गांव के निवासी अब्बास के मकान की एक पुरानी और पहले से झुकी हुई दीवार अचानक गिर गई। दीवार गिरते ही दोनों बच्चे मलबे में दब गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद बच्चों को मलबे से बाहर निकाला। दोनों को गंभीर हालत में परिजन इलाज के लिए लखनौती स्थित एक निजी क्लिनिक लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने 12 साल के अजमल को मृत घोषित कर दिया। वहीं चार साल के शिफान की हालत नाजुक होने के कारण उसे सहारनपुर रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।

दो मासूमों की मौत की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और हर आंख नम नजर आई। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चे रोज की तरह खेल रहे थे और किसी ने भी नहीं सोचा था कि कुछ ही पलों में यह खुशी मातम में बदल जाएगी।

गंगोह थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि दीवार पहले से ही कमजोर और झुकी हुई थी। हादसा पूरी तरह से दुर्भाग्यपूर्ण है। पुलिस के अनुसार, मृतक बच्चों के परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया है, जिसके बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए गए।

इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कई पुराने और जर्जर मकान मौजूद हैं, जो कभी भी हादसे का कारण बन सकते हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे खतरनाक निर्माणों की जल्द जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here