श्रमिकों के हितों की रक्षा लगातार कर रही है रेखा गुप्ता सरकार : श्री दत्त शर्मा
नई दिल्ली ( शिवा कौशिक ) : सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दिल्ली सरकार ने श्रमिकों और कामगारों तक सरकारी सेवाओं को सीधे पहुंचाने के लिए मोबाइल नमो श्रमिक सेवा केंद्र वैन शुरु की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली सचिवालय से चार वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसी विषय पर बात करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता, पूर्व विधायक श्री दत्त शर्मा ने बताया कि दिल्ली सरकार की इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि श्रमिकों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने के लिए बार बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने बताया कि दिल्ली के सभी जिलों में यह वैन चलेगी। श्री शर्मा ने बताया कि दिन रात मेहनत कर दिल्ली को आगे बढ़ाने वाले श्रमिकों तक सरकार की सुविधाएं पहुंचाना दिल्ली सरकार की जिम्मेदारी भी है और उनकी प्राथमिकता भी। उन्होंने बताया कि मोबाइल नमो श्रमिक सेवा केंद्र को इसी सोच के साथ तैयार किया गया है ताकि सेवा केवल कार्यालय तक सीमित न रहे बल्कि जरूरतमंद श्रमिक तक स्वयं पहुंचे। श्री शर्मा ने बताया कि मोबाइल नमो श्रमिक सेवा केंद्र से श्रमिकों को उनके क्षेत्र में ही श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण, सरकारी योजनाओं की जानकारी, आवश्यक दस्तावेजों से जुड़ी सहायता, डिजिटल सेवाओं तक पहुंच और सरकारी सुविधाओं और लाभों के लिए मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि उन श्रमिकों को इससे ज्यादा सुविधा मिलेगी जिनके लिए अपने काम से समय निकालकर दूर स्थित सरकारी कार्यालयों तक जाना कठिन होता है। श्री शर्मा ने कहा कि अब दिल्ली के श्रमिक पंजीकरण और सरकारी योजनाओं की पर्याप्त जानकारी से वंचित नहीं रहेंगे। उन्होंने बताया कि ये मोबाइल वैन बहुउद्देशीय सेवा केंद्र के रूप में कार्य करेंगी। श्री शर्मा ने कहा कि दिल्ली सरकार हर वर्ग, हर समुदाय के विकास के लिए हर संभव कार्य कर रही है और पूरी तरह से प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार इस बात को पूरी तरह से सुनिश्चित कर रही है कि उसकी योजना जमीनी स्तर तक पहुंचे ताकि लोगों को उनका लाभ मिले।



