RBI MSME Town Hall Meeting 2026: उद्योग–बैंक–प्रशासन के बीच सशक्त संवाद, सैकड़ों उद्यमियों की भागीदारी
नई दिल्ली ( सी.पी.एन.न्यूज़ ) : फ्रेंड्स कॉलोनी इंडस्ट्रियलिस्ट एसोसिएशन के विशेष प्रयासों से, फ्रेंड्स कॉलोनी इंडस्ट्रियल एरिया के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में “आरबीआई एमएसएमई टाउन हॉल मीटिंग 2026” का भव्य एवं सफल आयोजन सम्पन्न हुआ। यह आयोजन उद्योग, बैंकिंग एवं प्रशासन के बीच समन्वय और संवाद को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया। इस टाउन हॉल मीटिंग का उद्देश्य एमएसएमई उद्यमियों को बैंकिंग सुविधाओं, ऋण योजनाओं, वित्तीय सहायता, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं एवं नियामकीय प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक करना तथा उनकी समस्याओं के समाधान हेतु एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम के माध्यम से उद्यमियों को सीधे वरिष्ठ अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों के समक्ष अपनी समस्याएँ रखने और समाधान प्राप्त करने का अवसर मिला। इस अवसर पर भारतीय रिज़र्व बैंक के क्षेत्रीय निदेशक रोहित पी. दास तथा महाप्रबंधक अदिति गुप्ता की उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। इसके साथ ही नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक नवीन कुमार राय, सिडबी के महाप्रबंधक एन. रामचंद्रन, एसएलबीसी एवं पंजाब नेशनल बैंक के महाप्रबंधक राजेश कुमार तथा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के महाप्रबंधक दीपेश राज ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की।

इसके अतिरिक्त उत्तर-पूर्व दिल्ली के उपमंडल मजिस्ट्रेट अभिषेक गुलिया, एमएसएमई मंत्रालय के उप निदेशक पवन कुमार सिंह तथा दिल्ली सरकार के उद्योग विभाग के उप आयुक्त राजीव छाबड़ा भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। निजी बैंकिंग क्षेत्र से एचडीएफसी बैंक के जोनल हेड राजीव पंथरी एवं आईसीआईसीआई बैंक के सिटी हेड कमल सिंह की सहभागिता ने कार्यक्रम को और अधिक व्यापक स्वरूप प्रदान किया। कार्यक्रम में संजय गोयल, विधायक, शाहदरा विधानसभा तथा पंकज लूथरा, पार्षद, झिलमिल वार्ड की विशेष उपस्थिति रही। अपने संबोधन में उन्होंने उद्योग क्षेत्र के विकास के लिए बैंकिंग संस्थानों और प्रशासन के साथ समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया तथा उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया। फ्रेंड्स कॉलोनी इंडस्ट्रियलिस्ट एसोसिएशन की ओर से हरीश गर्ग, विनीत जैन और दीपाराम चौधरी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, बैंकिंग संस्थानों एवं उद्यमियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। फ्रेंड्स कॉलोनी इंडस्ट्रियलिस्ट एसोसिएशन के चेयरमैन डॉ. अनिल गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन उद्योग, बैंक और प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इसके सशक्तिकरण के लिए बैंकिंग प्रणाली को अधिक सरल, पारदर्शी एवं उद्यमी हितैषी बनाना आवश्यक है।



