Rampur murder case: रामपुर में पत्नी की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, पति ने संबंध बनाते समय मुंह दबाकर ली जान
रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है, जहां एक शिक्षिका की हत्या उसके ही पति ने कर दी। मामला सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र की शिव विहार कॉलोनी का है, जहां किराए के मकान में रहने वाली महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का खुलासा पुलिस जांच में हुआ।
मृतका की पहचान एकता उर्फ पूजा के रूप में हुई है, जो चमरौवा ब्लॉक के ठाकुरद्वारा स्थित परिषदीय स्कूल में शिक्षिका के पद पर तैनात थीं। वह पिछले करीब दो वर्षों से अपने पति राहुल और बेटे के साथ शिव विहार कॉलोनी में रह रही थीं।
घटना का खुलासा तब हुआ जब सोमवार सुबह दूध देने पहुंचे व्यक्ति ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद मकान मालिक को सूचना दी गई। दरवाजा खुलने पर कमरे के अंदर महिला का शव नग्न अवस्था में मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जहां रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत मुंह दबाकर दम घुटने से हुई है। जांच के दौरान सामने आया कि घटना शनिवार रात की है, जब आरोपी पति राहुल रामपुर आया था और देर रात पत्नी के साथ विवाद हो गया।
पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान राहुल ने अपनी पत्नी का मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया और बाद में मेरठ के एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती हो गया था, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
मृतका के पिता राजेंद्र सिंह की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है। मामले की जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक Anurag Singh ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नशे का आदी था और पहले भी दो बार नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती हो चुका था। इस सनसनीखेज घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है और घरेलू हिंसा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



