Rajkumar Ballan statement: पेपर लीक माफिया पर कसेगा शिकंजा, मेहनती छात्रों को मिलेगा न्याय: राजकुमार बल्लन
नई दिल्ली, (रविंद्र कुमार): भाजपा उत्तर पूर्वी जिला के पूर्व जिला अध्यक्ष राजकुमार बल्लन ने लोकसभा से लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) विधेयक, 2026 पारित होने का स्वागत करते हुए कहा कि यह कानून पेपर लीक माफिया के खिलाफ केंद्र सरकार की निर्णायक कार्रवाई है। इससे देशभर के लाखों छात्रों का परीक्षा प्रणाली पर विश्वास और मजबूत होगा। राजकुमार बल्लन ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं के सपनों को गहरा आघात पहुंचाया है। लाखों अभ्यर्थियों की वर्षों की मेहनत एक क्षण में बेकार हो जाती थी, परीक्षाएं रद्द होती थीं और भर्ती प्रक्रिया महीनों तक अटक जाती थी। इससे युवाओं के साथ-साथ उनके परिवारों को भी मानसिक और आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने समय की आवश्यकता को समझते हुए ऐसा कानून बनाया है, जिसमें संगठित तरीके से पेपर लीक करने वाले गिरोहों और उनके सहयोगियों के खिलाफ कठोर दंड का प्रावधान किया गया है।
अब ऐसे अपराधियों को कानून के शिकंजे से बचना आसान नहीं होगा। इससे भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं की पवित्रता बनी रहेगी और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के साथ न्याय होगा। बल्लन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन को लगातार मजबूत किया जा रहा है। यह कानून भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा और यह संदेश जाएगा कि सरकार मेहनत करने वाले विद्यार्थियों के साथ खड़ी है, न कि परीक्षा माफिया के साथ। उन्होंने कहा कि यह केवल एक कानून नहीं, बल्कि करोड़ों युवाओं की उम्मीदों और विश्वास की रक्षा का संकल्प है। आने वाले समय में इसका सकारात्मक प्रभाव देश की पूरी भर्ती और परीक्षा प्रणाली पर दिखाई देगा तथा भारत में योग्यता और मेहनत के आधार पर अवसर मिलने की व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।



