Delhi Lakshmi Yojana: दिल्ली लक्ष्मी योजना को कैबिनेट से मंजूरी मिलने पर महिलाएं हुई बहुत खुश : बिन्नी वर्मा
नई दिल्ली ( शिवा कौशिक ) : दिल्ली सरकार ने महिलाओं को वित्तीय सहायता देने के लिए दिल्ली लक्ष्मी योजना को कैबिनेट मंजूरी दे दी है। इसी विषय पर बात करते हुए भाजपा शाहदरा जिला महामंत्री बिन्नी वर्मा ने कहा कि यह योजना लाखों महिलाओं के लिए आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का एक नया अध्याय शुरू करेगी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को 2500 रुपए प्रति महीना दिए जाएंगे। बिन्नी वर्मा ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन 1 अगस्त 2026 से शुरू होंगे और दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि इसकी पहली किस्त रक्षाबंधन पर जारी की जाए। उन्होंने बताया कि आवेदक महिला की उम्र 21 साल से 60 साल के बीच होनी चाहिए, महिला या उसका परिवार कम से कम 10 सालों से दिल्ली का स्थायी निवासी होना चाहिए, परिवार की कुल वार्षिक आय 2.5 लाख रुपए से कम होनी चाहिए, अगर किसी परिवार में एक से ज्यादा महिलाएं पात्र हैं तो परिवार की सबसे बुजुर्ग महिला को ही इसका लाभ मिलेगा।
बिन्नी वर्मा ने कहा कि दिल्ली लक्ष्मी योजना को मंजूरी दे कर कैबिनेट ने बहुत ही प्रशंसनीय काम किया है और कैबिनेट के इस काम से दिल्ली की महिलाएं तो बहुत ही खुश है। उन्होंने बताया कि रजिस्ट्रेशन के लिए जरूरी दस्तावेज में आधार कार्ड और दिल्ली का वोटर आईडी, आय प्रमाण पत्र (2.5 लाख रुपए से कम आय का), निवास प्रमाण पत्र (10 साल से दिल्ली में रहने का सबूत), महिला के नाम से सक्रिय बैंक खाता (डीबीटी लिंक्ड), पासपोर्ट साइज फोटो और मोबाइल नंबर की आवश्यकता है। बिन्नी वर्मा ने कहा कि भाजपा दिल्ली की जनता से किए अपने हर वादे को पूरा करने के लिए पूरी तरह से प्रयासरत है, पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार आगे भी दिल्ली की जनता के लिए बेहतर से बेहतर लाभकारी योजनाओं को लागू करेगी।



