West Asia War: PM Modi कल सभी राज्यों के CM से पश्चिम एशिया के हालात पर करेंगे बात
नई दिल्ली, 25 मार्च: पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण वैश्विक और देश में संकट गहराने के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार शाम 6:30 बजे सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत करेंगे। इस बैठक में राज्यों की तैयारियों और योजनाओं की समीक्षा की जाएगी और ‘टीम इंडिया’ की भावना के तहत सभी प्रयासों में तालमेल सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा।
आचार संहिता के कारण चुनाव वाले राज्यों को इस बैठक में शामिल नहीं किया जाएगा, उनके मुख्य सचिवों के साथ अलग बैठक कैबिनेट सचिवालय के माध्यम से आयोजित होगी। पीएम मोदी पहले ही संसद में इस विषय पर चर्चा कर तेल-गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने, जमाखोरी रोकने और काले बाज़ारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने का निर्देश दे चुके हैं।
प्रधानमंत्री ने राज्यों को दो प्रमुख जिम्मेदारियां सौंपी हैं: आवश्यक वस्तुओं की लगातार निगरानी और जमाखोरी की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई। उन्होंने कहा कि संकट के समय आम जनता को महंगाई से बचाना शासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
इसके अलावा, उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था के मजबूत आधार पर भरोसा जताया और कहा कि युद्ध के अल्पकालिक और दीर्घकालिक प्रभावों से निपटने के लिए सरकार ने ‘इंटर-मिनिस्ट्रियल ग्रुप’ का गठन किया है। एलपीजी और पीएनजी के उपयोग को बढ़ावा देकर घरेलू गैस की आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।



