भारत के पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार सुबह ही उनके समाधि स्थल सदैव अटल पहुंचे। यहां पीएम ने भाजपा की नींव रखने वाले अटलजी को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे। अटल जी की समाधि स्थल पर सबसे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने उन्हें फूल चढ़ाए। इसके बाद बारी-बारी से केंद्रीय मंत्री अमित शाह, निर्मला सीतारमण, हरदीप पुरी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि अटल जी का राष्ट्र के लिए योगदान हमारे लिए प्रेरणा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि मूल्यों व आदर्शों की राजनीति के साधक, प्रखर वक्ता, उत्कृष्ट कवि, पूर्व प्रधानमंत्री, ‘भारत रत्न’ श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! आपका ऋषितुल्य जीवन सभी राष्ट्र आराधकों के लिए प्रेरणा है। आप सभी को ‘सुशासन दिवस’ की हार्दिक शुभकामनाएं!



