PM Modi Gujarat Visit: गुजरात से प्रधानमंत्री मोदी करेंगे Maruti e Vitara का शुभारंभ, भारत बनेगा सुजुकी इलेक्ट्रिक वाहनों का ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब

0
47

PM Modi Gujarat Visit: गुजरात से प्रधानमंत्री मोदी करेंगे Maruti e Vitara का शुभारंभ, भारत बनेगा सुजुकी इलेक्ट्रिक वाहनों का ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब

देश में इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग के लिए ऐतिहासिक दिन आने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 अगस्त को अपने दो दिवसीय गुजरात दौरे के दौरान भारत की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी की पहली इलेक्ट्रिक कार Maruti e Vitara को हरी झंडी दिखाएंगे। गुजरात के हंसलपुर स्थित मारुति सुजुकी प्लांट से इस कार का उत्पादन शुरू होगा, जो भारत में न केवल कंपनी की पहली इलेक्ट्रिक एसयूवी होगी बल्कि ‘मेक इन इंडिया’ के विजन को भी वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाएगी।

प्रधानमंत्री मोदी इस अवसर पर टीडीएस लिथियम-आयन बैटरी प्लांट में हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोड के स्थानीय उत्पादन की भी शुरुआत करेंगे। यह कदम भारत को इलेक्ट्रिक वाहन उत्पादन और बैटरी मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने बयान जारी कर कहा है कि भारत निर्मित Maruti e Vitara को जापान और यूरोप सहित 100 से अधिक देशों में निर्यात किया जाएगा।

500 किलोमीटर की दमदार रेंज
मारुति ई-विटारा एक बार चार्ज करने पर 500 किलोमीटर से ज्यादा की ड्राइविंग रेंज देने का दावा करती है। यह कार 49kWh और 61kWh के दो बैटरी पैक विकल्पों के साथ आएगी। छोटे बैटरी पैक वाला वेरिएंट फ्रंट एक्सल पर सिंगल मोटर के जरिए 144hp की ताकत पैदा करेगा, जबकि बड़े बैटरी पैक वाला वेरिएंट 174hp तक का पावर आउटपुट देगा और इसमें डुअल मोटर ऑल-व्हील-ड्राइव (AWD) का विकल्प भी मिलेगा। इसमें चीनी कंपनी BYD से सोर्स की गई ब्लेड सेल लिथियम आयरन-फॉस्फेट (LFP) बैटरी दी गई है।

आधुनिक फीचर्स और सुरक्षा
Maruti e Vitara को एडवांस फीचर्स से लैस किया गया है। इसमें इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक, ऑटो होल्ड, हिल डिसेंट कंट्रोल, वायरलेस फोन चार्जर, हीटेड मिरर, ड्राइव मोड्स (AWD वर्जन के लिए ‘ट्रेल’ मोड), और सिंगल-ज़ोन ऑटो क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर्स शामिल हैं। सुरक्षा के लिहाज से इसमें 7 एयरबैग, साइड और कर्टेन एयरबैग, और एडवांस ड्राइविंग असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) जैसे आधुनिक सुरक्षा फीचर्स दिए गए हैं।

डिजाइन और लुक्स
Maruti e Vitara का लुक और डिजाइन काफी हद तक 2023 में पेश किए गए Maruti eVX कॉन्सेप्ट जैसा है। इसमें ट्राई-स्लैश LED डे-टाइम रनिंग लाइट्स, चार्जिंग पोर्ट, सी-पिलर पर रियर डोर हैंडल और दमदार SUV बॉडी डिजाइन दिया गया है। यह कार वैश्विक बाजारों में भी प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार की गई है और इसका मुकाबला सीधे तौर पर Hyundai Creta Electric जैसी गाड़ियों से होगा।

भारत को मिलेगा बड़ा लाभ
Maruti e Vitara के लॉन्च के साथ भारत न केवल सुजुकी का इलेक्ट्रिक वाहन ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग सेंटर बनेगा, बल्कि इससे घरेलू बाजार में भी इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग को नई दिशा मिलेगी। प्रधानमंत्री मोदी के गुजरात दौरे के दौरान यह लॉन्च भारत की इलेक्ट्रिक मोबिलिटी यात्रा में ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here