PM Modi: PM मोदी का संबोधन, स्वदेशी का मंत्र और GST बचत उत्सव
पीएम मोदी ने देश के नाम अपने संबोधन में कई बड़ी बातें कहीं. इस दौरान उन्होंने देशवासियों से मेड इन इंडिया की चीजों को खरीदने की अपील की. उन्होंने कहा कि देश में बना सामान ही खरीदें. हमें हर घर को स्वदेशी का प्रतीक बनाना है.
देश में कल यानी 22 सितंबर से जीएसटी की नई दरें लागू हो रही हैं. इससे एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि देश आत्मनिर्भर अभियान के लिए एक और बड़ा कदम उठा रहा है. पीएम मोदी ने कहा कि कल से देश में जीएसटी बचत उत्सव शुरू हो जाएगा. सूर्योदय के साथ ही देश में जीएसटी की नई दरें लागू हो जाएंगी. लोग अपनी मन पंसद चीजों को और आसानी से खरीद पाएंगे. देश के हर परिवार की खुशियां बढ़ जाएंगी.
पीएम मोदी ने कहा कि कल से देश में खुशियां बढ़ेंगी. सभी को इस जीएसटी बचत उत्सव का फायदा होगा. देश की विकास रफ्तार बढ़ेगी. GST रिफॉर्म्स भारत की ग्रोथ स्टोरी को एक्स्लेरेट करेंगे. उन्होंने कहा कि कल से सपने पूरे करना और आसान हो जाएगा. देश की वर्तमान जरूरतों और भविष्य के सपनों को देखते हुए जीएसटी के ये नए लागू हो रहे हैं. ये कारोबार को और आसान बनाएंगे.
उन्होंने कहा कि पहले लोग अलग-अलग टैक्स के जाल में उलझे हुए थे. एक शहर से दूसरे शहर सामान भेजना मुश्किल था. न जानें कितनी सारी रुकावटें थीं. हर जगह टैक्स के अलग-अलग नियम थे. 2014 में टैक्स और टोल का जंजाल फैला था. हमने 2014 में जनहित और देशहित में GST को प्राथमिकता बनाई. हमने हर राज्य की शंकाओं को दूर किया. 2017 में इतिहास रचने की शुरुआत हुई.
पीएम मोदी ने कहा कि 2017 में जीएसटी रिफॉर्म की ओर कदम बढ़ाया. सबको साथ लेकर आजाद भारत का टैक्स रिफॉर्म किया. अब पूरे देश के लिए एक जैसी टैक्स व्यवस्था है. उन्होंने कहा कि रिफॉर्म अनवरत चलने वाली प्रक्रिया है. समय के हिसाब से रिफॉर्म जरूरी थी. देश को टैक्स के जाल से निकालना जरूरी था. देश अब दर्जनों टैक्स के जाल से मुक्त हुआ.
उन्होंने कहा कि ज्यादातर सामान टैक्स फ्री या उन पर केवल 5 फीसदी टैक्स लगेगा. रोजमर्रा की ज्यादातर चीजें और सस्ती हो जाएंगी. 99 फीसदी चीजों पर केवल पांच फीसदी टैक्स लगेगा. उन्होंने कहा कि सरकार ने इसी साल मिडिल क्लास को उपहार दिया है, जिसमें 12 लाख तक की इनकम टैक्स छूट शामिल है.
पीएम मोदी ने कहा कि नागरिक देवो भव: के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहे हैं. इनकम टैक्स में बदलाव से मिडिल क्लास का जीवन बदला. GST कम होने से सपने पूरे करना और आसान हो गया है. दुकानदार भी जीएसटी रिफॉर्म को लेकर उत्साह में हैं. उन्होंने कहा कि पिछले एक साल के फैसलों से 2.5 लाख करोड़ की बचत होगी.
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने देशवासियों से मेड इन इंडिया की चीजों को खरीदने की अपील की. उन्होंने कहा कि देश में बना सामान ही खरीदें. देश की स्वतंत्रता को जैसे स्वदेशी के मंत्र से ताकत मिली थी, वैसे ही देश की समृद्धि को भी स्वदेशी के मंत्र से ही शक्ति मिलेगी. हमें हर घर को स्वदेशी का प्रतीक बनाना है.



