Home देश दुनिया राजनीतिक स्थिरता, सुधारों की वजह से निवेश की आकर्षक मंजिल बना भारत...

राजनीतिक स्थिरता, सुधारों की वजह से निवेश की आकर्षक मंजिल बना भारत : PM मोदी

0
153

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि पिछले आठ साल के दौरान राजनीतिक स्थिरता और सतत सुधारों के चलते भारत निवेश की आकर्षक मंजिल बन चुका है। उन्होंने निवेशकों से कहा कि वे भारत में स्वास्थ्य, कृषि, पोषण, कौशल विकास, नवाचार तथा हरित हाइड्रोजन सरीखे क्षेत्रों में उभर रही संभावनाओं को भुनाएं और देश के साथ मिलकर नयी वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला के निर्माण में शामिल हों।मोदी ने मध्यप्रदेश सरकार द्वारा इंदौर में आयोजित वैश्विक निवेशक सम्मेलन ‘इन्वेस्ट मध्यप्रदेश’ के उद्घाटन सत्र को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये संबोधित करते हुए कहा कि देश 2014 से ‘‘रिफॉर्म’’, ट्रांसफॉर्म और “परफॉर्म”के रास्ते पर चल रहा है।

उन्होंने गुजरे वक्त में कोविड-19 के भीषण प्रकोप की ओर परोक्ष इशारा करते हुए कहा,”यहां तक कि सदी में एक बार सामने आने वाले भीषण संकट के दौरान भी हमने सुधारों की राह नहीं छोड़ी। आत्मनिर्भर भारत अभियान ने देश में सुधारों को बड़ी गति दी है। नतीजतन आज भारत निवेश की एक आकर्षक मंजिल बन चुका है।’’प्रधानमंत्री ने कहा,‘‘स्वास्थ्य, कृषि, पोषण, कौशल विकास, नवाचार के क्षेत्र में नयी संभावनाएं आपका इंतजार कर रही हैं। यह भारत के साथ मिलकर एक नयी वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला के निर्माण का समय है।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने कुछ दिन पहले ही आठ लाख करोड़ रुपये के संभावित निवेश वाले मिशन ‘‘ग्रीन हाइड्रोजन’’ को हरी झंडी दी है ताकि इस हरित ईंधन की वैश्विक मांग को पूरा किया जा सके। उन्होंने निवेशकों से अपील की कि वे सरकार के इस महत्वाकांक्षी अभियान में अपनी भूमिका तलाश करें।

प्रधानमंत्री ने सड़कों, हवाई अड्डों और बंदरगाहों के विस्तार के साथ ही औद्योगिक गलियारों और लॉजिस्टिक्स केंद्रों के विकास की विभिन्न योजनाओं का हवाला देते हुए कहा कि देश का आधुनिक और बहुस्तरीय बुनियादी ढांचा निवेश की नयी संभावनाओं को जन्म दे रहा है। प्रधानमंत्री ने बताया कि घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए उत्पादन आधारित प्रोत्साहन योजना के तहत 2.5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की सरकारी मदद की घोषणा की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि यह योजना दुनियाभर के विनिर्माताओं के बीच चर्चा में है और इसके तहत देशभर में अबतक अलग-अलग क्षेत्रों में लगभग चार लाख करोड़ रुपये मूल्य का उत्पादन हो चुका है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस योजना के चलते मध्यप्रदेश में भी सैकड़ों करोड़ रुपये का निवेश आया है और सूबे को दवा तथा वस्त्र उत्पादन का बड़ा केंद्र बनाने में इस योजना का बड़ा महत्व है। उन्होंने निवेशकों से कहा कि वे पीएलआई योजना का ज्यादा से ज्यादा लाभ लेने के लिए आगे आएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here