70 लाख पौधरोपण से मजबूत होगी दिल्ली की हरित क्रांति : डॉ. यू.के. चौधरी
नई दिल्ली (रविंद्र कुमार): पर्यावरण संरक्षण को लेकर दिल्ली में चलाए गए व्यापक पौधरोपण अभियान के तहत 70 लाख पौधरोपण का लक्ष्य पूरा किए जाने का भाजपा उत्तर-पूर्वी जिला अध्यक्ष डॉ. यू.के. चौधरी ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि राजधानी में हरियाली बढ़ाने की दिशा में इतने बड़े स्तर पर पौधरोपण किया जाना पर्यावरण के लिए सकारात्मक पहल है। डॉ. यू.के. चौधरी ने कहा कि दिल्ली की आबादी और शहरी विस्तार लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में हरित क्षेत्रों का संरक्षण और नए पौधों का रोपण बेहद आवश्यक है। ‘मिशन ग्रीन दिल्ली’ के तहत निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने से पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के साथ-साथ पेड़ों के संरक्षण और उनकी नियमित देखभाल की व्यवस्था भी उतनी ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में सरकारी एजेंसियों के अलावा स्कूलों, कॉलेजों, सामाजिक संस्थाओं, आरडब्ल्यूए और आम नागरिकों की भागीदारी यह दर्शाती है कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ रही है। दिल्ली के रिज क्षेत्रों में भी बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया गया है, जिससे राजधानी के प्राकृतिक हरित क्षेत्रों को मजबूती मिलने की उम्मीद है। डॉ. चौधरी ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाना समय की आवश्यकता है। पेड़ न केवल स्वच्छ हवा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, बल्कि जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण में भी योगदान देते हैं। उन्होंने कहा कि 70 लाख पौधरोपण का लक्ष्य पूरा होना एक उपलब्धि है, लेकिन इसकी वास्तविक सफलता तब मानी जाएगी जब लगाए गए पौधे सुरक्षित रहकर बड़े पेड़ों का रूप लें। उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण को केवल सरकारी अभियान न मानकर व्यक्तिगत और सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में लें तथा अपने आसपास लगाए गए पौधों की देखभाल में सक्रिय भूमिका निभाएं।



