पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया यानि पीएफआई द्वारा यहां आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाने वाले प्रदर्शनकारियों का एक वीडियो सामने आया है। इस घटना के बाद महाराष्ट्र सरकार ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि नारे लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि राज्य में इस तरह के नारे बर्दाश्त नहीं किये जाएंगे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमि पर राष्ट्र-विरोधी नारे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने ट्वीट किया- पुणे में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए गए। इसकी जितनी निंदा की जाए उतनी कम है। पुलिस निश्चित रूप से उचित कार्रवाई करेगी, लेकिन शिवाजी की भूमि पर इस तरह के नारे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। इस घटना के बाद महाराष्ट्र के बीजेपी विधायक नीतीश राणे ने PFI को बैन करने की भी मांग की है। उन्होंने कहा की पुणे में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वालों के ख़िलाफ़ पुलिस सख़्त कार्रवाई करें। आपको बता दे की पुणे में विरोध प्रदर्शन के कुछ वीडियो वायरल हुए हैं, जिनमें कुछ लोग ‘अल्लाह हू अकबर’ के साथ ही ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन पर तत्काल कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। साथ ही बिना अनुमति प्रदर्शन करते के आरोप में 60-70 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इसके अलावा मुख्य आरोपी की पहचान कर ली गई है, जिसका नाम रियाज सैय्यद बताया गया है।



