पाकिस्तान में अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के पेशावर में उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र में खचाखच भरी एक मस्जिद में आज दोपहर की नमाज की दौरान एक शक्तिशाली आत्मघाती बम विस्फोट होने से 46 लोगों की मौत हो गयी जबकि 100 अन्य घायल हो गए। सुरक्षा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि अपराह्न 1 बजकर करीब 40 मिनट पर पुलिस लाइन्स क्षेत्र के समीप जब नमाजी दोपहर की नमाज पढ़े रहे थे तब अगली पंक्ति में बैठे आत्मघाती हमलावर ने विस्फोट कर खुद को उड़ा लिया। धमाका इतना जोरदार था, की उसकी वजह से मस्जिद का एक हिस्सा पूरी तरह से ढह गया है। धमाके के वक्त घटनास्थल पर 500 से अधिक लोग उपस्थित थे । ब्लास्ट पेशावर में पुलिस लाइंस के पास में स्थित मस्जिद में जोहर की नमाज के बाद हुआ। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें धमाके के बाद अफरा-तफरी का माहौल नजर आ रहा है।
अधिकारियों के अनुसार नमाजियों में पुलिस, सेना और बम निष्क्रिय दस्ते के कर्मी थे। लेडी रीडिंग अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि अबतक 46 लोगों की जान चली गयी है । हालांकि पेशावर पुलिस ने 38 मृतकों की सूची जारी की है। घायलों में ज्यादातर पुलिसकर्मी हैं। तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के मृत कमांडर उमर खालिद के एक भाई ने दावा किया कि यह आत्मघाती हमला अफगानिस्तान में पिछले साल अगस्त में मार दिये गये उसके भाई की मौत का बदला है। इस प्रतिबंधित संगठन ने सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाते हुए अतीत में कई आत्मघाती हमले किये हैं। उसे पाकिस्तान तालिबान नाम से भी जाना जाता है।
पेशावर के पुलिस अधीक्षक शाहजाद कौकब ने मीडिया को बताया कि जब नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद में वह दाखिल ही हुए थे तभी यह धमाका हुआ लेकिन सौभाग्य से उनकी जान बच गयी। उनका कार्यालय मस्जिद के समीप ही है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि विस्फोट से मस्जिद का एक हिस्सा ढ़ह गया और माना जाता है कि कई लोग उसके मलबे के नीचे दबे हैं। उनके अनुसार बम हमलावर पुलिस लाइन्स के अंदर, चार स्तरीय सुरक्षा वाली मस्जिद में घुस गया । कैपिटल सिटी पुलिस अफसर मुहम्मद इजाज खान का हवाला देते हुए डॉन अखबार ने खबर दी कि कई जवान मलबे के नीचे दबे हैं तथा बचावकर्मी उन्हें बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं।



