Patna Metro Launch: पटना मेट्रो का उद्घाटन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
पटना का लंबा इंतजार अब खत्म हो गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को पटना मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर भूतनाथ से न्यू आईएसबीटी तक पहले फेज के परिचालन का उद्घाटन किया। इस नए मेट्रो मार्ग की शुरुआत से शहरवासियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा।
वर्तमान में यह मेट्रो सेवा 4.3 किलोमीटर लंबी रूट पर संचालित होगी, जो आईएसबीटी, जीरो माइल और भूतनाथ रोड के तीन स्टेशनों को जोड़ती है। पटना मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (PMRL) ने परिचालन की पूरी तैयारी कर ली थी। उद्घाटन के साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कॉरिडोर वन के तहत पटना जंक्शन समेत छह भूमिगत मेट्रो स्टेशनों और 9.35 किलोमीटर लंबी सुरंग की आधारशिला भी रखी।
विशेष रूप से, मेट्रो के कोच मधुबनी पेंटिंग से सजाए गए हैं, जो बिहार की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हैं। कोचों में गेट, खिड़कियां और अंदरूनी हिस्सों पर गोलघर, महावीर मंदिर, महाबोधि वृक्ष, बुद्ध स्तूप और नालंदा के खंडहर जैसे पर्यटन स्थलों की आकर्षक स्टिकर लगी हैं।
शुरुआत में मेट्रो की अधिकतम गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी। किराया 15 रुपये से 30 रुपये तक रखा गया है। आईएसबीटी से जीरो माइल का किराया 15 रुपये और न्यू आईएसबीटी से भूतनाथ रोड का किराया 30 रुपये होगा।
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक मेट्रो कोच में 360-डिग्री सीसीटीवी कैमरे, दो इमरजेंसी बटन और माइक्रोफोन की सुविधा उपलब्ध है। इमरजेंसी में बटन दबाने पर यात्री सीधे मेट्रो ड्राइवर से संवाद कर सकते हैं और कंट्रोल रूम में फुटेज भेजा जाएगा। प्रत्येक कोच में 138 सीटें हैं और 945 यात्रियों के खड़े होकर यात्रा करने की व्यवस्था है।
पहले चरण में मेट्रो सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक चलेगी। हर 20 मिनट पर प्रत्येक स्टेशन पर मेट्रो उपलब्ध होगी और रोजाना 40 से 42 फेरे लगाए जाएंगे। पटना मेट्रो शहरवासियों के लिए यात्रा को और आसान, तेज और सुरक्षित बनाएगी।



