Pakistan Celebration Tragedy: कराची में स्वतंत्रता दिवस का जश्न मातम में बदला, हवाई फायरिंग में 3 की मौत, 60 से अधिक घायल
कराची। पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस 14 अगस्त के मौके पर कराची में हवाई फायरिंग ने जश्न को भयंकर हादसे में बदल दिया। शहर के विभिन्न हिस्सों में हुई गोलीबारी की घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक 8 साल की बच्ची और एक वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं। इसके अलावा, 60 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक घटनाएं कराची के लियाकताबाद, कोरंगी, लियारी, महमूदाबाद, अख्तर कॉलोनी, केमारी, जैक्सन, बाल्डिया, ओरंगी टाउन, पापोश नगर और अजीजाबाद में हुईं। अजीजाबाद में एक बच्ची को गोली लगी, जबकि कोरंगी में स्टीफन नामक व्यक्ति की मौत हुई।
पुलिस ने इन घटनाओं को लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना रवैये का नतीजा बताते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कई मामलों में हवाई फायरिंग के पीछे व्यक्तिगत दुश्मनी, मतभेद या डकैती के प्रयास का विरोध जैसे कारण थे। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वतंत्रता दिवस को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाएं।
यह कोई पहली बार नहीं है जब कराची में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इस तरह की घटनाएं हुई हैं। 2024 में भी इसी तरह की फायरिंग में एक बच्चे की मौत और 95 से अधिक लोग घायल हुए थे। इस बार की घटनाओं ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा किया है कि क्या उत्सव के नाम पर हवाई फायरिंग जैसी खतरनाक परंपराओं पर रोक लगाने का समय नहीं आ गया है।


