Pak Spy Arrest: पंजाब में एक और पाकिस्तानी जासूस गिरफ्तार, ‘कराची की पंजाबी कुड़ी’ के ट्रैप में फंसा गुरप्रीत सिंह, सेना की सूचनाएं भेजने का आरोप
पंजाब के पटियाला में पुलिस ने पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहे एक और युवक को गिरफ्तार कर लिया है। 35 वर्षीय गुरप्रीत सिंह, जो गांव भारसो का निवासी है, को सेना की संवेदनशील सूचनाएं पाकिस्तानी एजेंसियों को भेजने के आरोप में पकड़ा गया है। वह कथित रूप से पिछले डेढ़ साल से भारतीय सेना की गतिविधियों, मिलिट्री स्टेशनों की तस्वीरें, लोकेशन और मूवमेंट की जानकारियां व्हाट्सऐप और अन्य सोशल मीडिया ऐप्स के माध्यम से पाकिस्तान भेज रहा था।
पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) वरुण शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गुरप्रीत सिंह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI द्वारा संचालित एक ‘हनी ट्रैप’ का शिकार हुआ। आरोपी ‘पंजाबी कुड़ी’ नाम की एक फेसबुक आईडी के संपर्क में आया, जिसमें लोकेशन कराची, पाकिस्तान बताई गई थी। इसी महिला के बहाने पाकिस्तानी एजेंसियों ने उसे अपने जाल में फंसाया और उससे व्हाट्सऐप एक्टिवेशन कोड लेकर पाकिस्तान में एक फर्जी खाते से उसे संचालित किया गया।
पटियाला पुलिस की साइबर यूनिट पिछले कुछ समय से उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। पर्याप्त सबूत मिलने के बाद गुरप्रीत को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके पास से चार अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें सेना की गोपनीय तस्वीरें और वीडियो मौजूद हैं।
प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि गुरप्रीत सिंह को इस जासूसी के बदले में पाकिस्तान से पैसे मिलते थे। पुलिस अब उसके बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच कर रही है। मोबाइल डेटा को फॉरेंसिक लैब भेज दिया गया है, ताकि डिलीट किए गए डाटा को रिकवर किया जा सके। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं सेना छावनी में उसका कोई सहयोगी तो नहीं, जिससे उसे अंदरूनी सूचनाएं प्राप्त होती थीं।
पुलिस इस मामले में केंद्रीय एजेंसियों की भी मदद ले रही है ताकि इस संभावित नेटवर्क को पूरी तरह से उजागर किया जा सके और भारत की सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की चूक से बचा जा सके। आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।



