Operation Sindoor: भारत ने चलाया ‘ऑपरेशन सिंदूर’, पाकिस्तान में 9 आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक
कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले का जवाब देते हुए भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ सख्त सैन्य कार्रवाई की है। बुधवार की रात भारतीय सशस्त्र बलों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में स्थित 9 आतंकवादी ठिकानों पर हवाई हमला किया। रक्षा मंत्रालय ने आज इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि यह कार्रवाई उन ठिकानों के खिलाफ की गई, जहां से भारत के खिलाफ आतंकी हमलों की साजिशें रची जा रही थीं।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, ऑपरेशन सिंदूर रात के अंधेरे में बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया। वायुसेना के विशेष विमानों और ड्रोन की मदद से पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर और सीमा पार स्थित आतंकी लॉन्च पैड्स को निशाना बनाया गया। मंत्रालय ने कहा कि इन 9 ठिकानों पर आतंकी गतिविधियां तेज थीं और यहां से भारत में घुसपैठ और हमलों की तैयारी चल रही थी। खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट के बाद यह ऑपरेशन शुरू किया गया, जिसका मकसद इन आतंकी नेटवर्क्स को जड़ से खत्म करना है।
बताया जा रहा है कि एयर स्ट्राइक के दौरान कई आतंकी ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचा है और बड़ी संख्या में आतंकवादियों के मारे जाने की संभावना है। हालांकि रक्षा मंत्रालय ने अभी तक आधिकारिक तौर पर हताहतों की संख्या जारी नहीं की है। मंत्रालय ने साफ किया कि यह ऑपरेशन आत्मरक्षा में और देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किया गया है।
भारत के इस सैन्य कदम के बाद सीमा पर तनाव बढ़ने की आशंका है, लेकिन सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि आतंकवाद के खिलाफ उसकी नीति में कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद देशभर में गुस्सा था और सरकार पर कड़ी कार्रवाई का दबाव था। अब ऑपरेशन सिंदूर को उसी का निर्णायक जवाब माना जा रहा है।
रक्षा मंत्रालय ने यह भी कहा कि भारतीय सेनाएं सतर्क हैं और किसी भी हालात से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। ऑपरेशन सिंदूर को अब तक का एक बड़ा सैन्य अभियान माना जा रहा है, जो पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर भारत की सर्जिकल स्ट्राइक नीति को और मजबूत करता है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और सीमा सुरक्षा के इंतजाम और कड़े कर दिए गए हैं।



