Home देश दुनिया Nuh Police Attack: नूंह में पुलिस पर पथराव और फायरिंग, 13 लोग...

Nuh Police Attack: नूंह में पुलिस पर पथराव और फायरिंग, 13 लोग गिरफ्तार

0
62

Nuh Police Attack:नूंह में पुलिस पर पथराव और फायरिंग, 13 लोग गिरफ्तार

हरियाणा के नूंह जिले में पुलिस टीम पर छापेमारी के दौरान बड़ा बवाल हो गया। पुन्हाना थाना क्षेत्र के इंदाना गांव में शनिवार, 27 सितंबर को पुलिस पर गांव वालों ने न केवल पथराव किया बल्कि कुछ लोगों ने हवाई फायरिंग भी की। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा। घटना में हालांकि कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ, लेकिन कई पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम सुबह करीब 11:30 बजे इंदाना गांव में छापेमारी करने पहुंची थी। यह कार्रवाई ‘पंजाब से लाई गई संदिग्ध गाड़ी’ के मामले में की गई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी आजाद, शाहिद और शाहरुख की तलाश की जा रही थी। लेकिन मुख्य आरोपी घर से भाग निकला। इस दौरान आरोपी के घर की महिलाओं ने पुलिस टीम से दुर्व्यवहार किया। महिला पुलिसकर्मियों की मदद से जब एक महिला को हिरासत में लिया गया, तभी आसपास के लोग जुट गए और पुलिस पर पथराव करने लगे। भीड़ में से कुछ लोगों ने हवाई फायरिंग भी की, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

स्थिति काबू से बाहर होती देख पुलिस ने तुरंत अतिरिक्त बल मंगवाया। बाद में पुलिस ने शौकीन, यूनुस, जावेद, नासिर, हाफिज, रिहान, मुश्ताक, अजहरुद्दीन, यूसुफ, वाजिद और तीन महिलाओं नईमा, शाहीना और नजामा समेत 13 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

पुन्हाना के डीएसपी जितेंद्र राणा ने बताया कि इस मामले में बीएनएस की अलग-अलग धाराओं के तहत तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं। करीब 16 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 50 अन्य पर भी केस दर्ज हुआ है। जांच में सामने आया है कि पंजाब से गाड़ियां किराए पर लाकर उनके नकली दस्तावेज बनाए जाते थे और फिर मेवात क्षेत्र में इन गाड़ियों को बेचा जाता था। इस रैकेट को लेकर पहले भी कई बार छापेमारी हो चुकी है। पुलिस के मुताबिक, करीब 200 गाड़ियां पंजाब से हरियाणा लाई गई थीं।

अधिकारियों का कहना है कि टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी आजाद अपने घर में मौजूद है। इसी सूचना पर पुलिस कार्रवाई करने पहुंची थी। लेकिन गांव वालों ने मिलकर कानून-व्यवस्था बिगाड़ दी। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here