Nepal Social Media Ban: नेपाल सरकार ने सोशल मीडिया बैन वापस लिया, प्रदर्शनों में 20 की मौत
नेपाल में तीन दिन पहले लगाया गया सोशल मीडिया बैन हटा लिया गया है। सरकार ने सोमवार को घोषणा की कि फेसबुक, एक्स और व्हाट्सएप समेत सभी प्लेटफॉर्म दोबारा चालू कर दिए गए हैं। यह फैसला युवाओं के नेतृत्व वाले प्रदर्शनों के बीच लिया गया है, जिनमें अब तक 20 लोगों की मौत और 300 से ज्यादा लोग घायल हो चुके हैं।
नेपाल के संचार, सूचना और प्रसारण मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरूंग ने आपात कैबिनेट बैठक के बाद कहा कि संबंधित एजेंसियों को सोशल मीडिया साइट्स फिर से बहाल करने का आदेश दे दिया गया है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपना आंदोलन खत्म करें।
गौरतलब है कि नेपाल सरकार ने तीन दिन पहले 26 सोशल मीडिया साइट्स को बैन कर दिया था, जिनमें फेसबुक और एक्स शामिल थे। सरकार का कहना था कि इन कंपनियों ने नेपाल में रजिस्ट्रेशन कराने से इनकार कर दिया था।
युवाओं, खासकर “Gen Z” समूह ने इस बैन का विरोध करते हुए काठमांडू के संसद भवन के सामने प्रदर्शन किया। सोमवार को ये प्रदर्शन हिंसक हो गया जब कुछ प्रदर्शनकारी संसद परिसर में घुस गए। पुलिस को भीड़ को काबू करने के लिए वाटर कैनन, आंसू गैस और रबर बुलेट्स का इस्तेमाल करना पड़ा।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के दोबारा चालू होने से प्रदर्शनकारियों की एक बड़ी मांग पूरी हो गई है, लेकिन राजधानी और कई शहरों में तनाव अभी भी बना हुआ है।



