Nanital: नैनीताल में मासूम से दुष्कर्म के बाद सांप्रदायिक हिंसा, शहर में तनावपूर्ण हालात
उत्तराखंड के नैनीताल शहर में बुधवार रात को एक दिल दहला देने वाली घटना के बाद तनाव चरम पर पहुंच गया। मल्लीताल क्षेत्र में 12 साल की एक किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आते ही इलाके में आक्रोश की आग भड़क उठी। घटना की खबर जैसे ही फैली, स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों में गुस्सा फूट पड़ा। देखते ही देखते भीड़ सड़कों पर उतर आई और देर रात तक शहर के कई हिस्सों में हिंसा फैल गई।
आक्रोशित भीड़ ने मल्लीताल क्षेत्र की मस्जिद पर पथराव कर दिया, जिससे पूरे नैनीताल में दहशत का माहौल बन गया। दुकानों में तोड़फोड़ शुरू हो गई और राहगीरों के साथ भी मारपीट की गई। हालात तेजी से बिगड़ते देख पुलिस और प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाला। भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर भेजा गया और हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया गया।
पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी उस्मान को गिरफ्तार कर कोतवाली में बंद कर दिया, लेकिन इससे भी गुस्साई भीड़ का उबाल कम नहीं हुआ। देर रात तक सैकड़ों लोग कोतवाली के बाहर जमा रहे और आरोपी को उनके हवाले करने की मांग करते रहे। हंगामे के दौरान भीड़ ने कई दुकानों में लूटपाट और तोड़फोड़ की, जिससे स्थानीय व्यापारियों में डर और आक्रोश दोनों फैल गया।
घटना के बाद प्रशासन ने हालात की गंभीरता को भांपते हुए पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल बुलवाया और मल्लीताल समेत आसपास के संवेदनशील इलाकों में तैनात कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर डेरा डाले हुए हैं और लगातार गश्त कर रहे हैं ताकि हालात और ज्यादा न बिगड़ें।
शहर में सीसीटीवी कैमरों की मदद से उपद्रवियों की पहचान का काम जारी है और पुलिस ने साफ कर दिया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है, लेकिन मल्लीताल और आसपास के इलाकों में तनाव अब भी बरकरार है।



