Nancy Grewal murder: पंजाबी मूल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नैन्सी ग्रेवाल की चाकू मारकर हत्या, घर में घुसकर किया हमला
Nancy Grewal की हत्या की खबर से कनाडा में बसे भारतीय समुदाय और सोशल मीडिया जगत में हड़कंप मच गया है। कनाडा में रहने वाली पंजाबी मूल की इस सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर की उनके ही घर में घुसकर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। 45 वर्षीय नैन्सी ग्रेवाल सोशल मीडिया पर अपने बेबाक विचारों के लिए जानी जाती थीं और पंजाब से जुड़े सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखती थीं।
जानकारी के अनुसार यह घटना Windsor इलाके में मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे हुई। पुलिस को सूचना मिली कि नैन्सी ग्रेवाल के घर में एक अज्ञात व्यक्ति जबरन घुस आया और उसने उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और इमरजेंसी सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं। गंभीर रूप से घायल हालत में नैन्सी ग्रेवाल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
इस मामले की जांच कर रही LaSalle Police Service ने बताया कि पुलिस को रात में हमला होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत टीम मौके पर भेजी गई। अधिकारियों के मुताबिक पुलिस फिलहाल मामले की गहन जांच कर रही है और हमलावर की तलाश जारी है। आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि संदिग्ध की पहचान की जा सके।
नैन्सी ग्रेवाल सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थीं और उनके वीडियो बड़ी संख्या में लोग देखते थे। वह खास तौर पर पंजाब के सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय रखती थीं। अपने कई वीडियो में उन्होंने कट्टरपंथी विचारधाराओं और खालिस्तानी गतिविधियों की आलोचना भी की थी, जिसकी वजह से वह अक्सर चर्चा में रहती थीं।
उनकी हत्या के बाद कई तरह की आशंकाएं भी जताई जा रही हैं। कुछ लोग इसे उनके सोशल मीडिया विचारों से जोड़कर भी देख रहे हैं, हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी विशेष एंगल की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सभी संभावित पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है और जल्द ही मामले का खुलासा करने की कोशिश की जा रही है।
इस घटना के बाद कनाडा में रहने वाले भारतीय और पंजाबी समुदाय के लोगों में चिंता और आक्रोश का माहौल है। सोशल मीडिया पर भी लोग इस हत्या की कड़ी निंदा कर रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



