Myanmar earthquake: म्यांमार में सुबह-सुबह भूकंप, भारत के मणिपुर, नागालैंड और असम में भी झटके महसूस
आज सुबह म्यांमार में 4.7 तीव्रता का भूकंप आया, जिसका केंद्र मणिपुर में जमीन से करीब 15 किलोमीटर की गहराई में था। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) ने इसकी पुष्टि की है। भूकंप के झटके भारत के नागालैंड और असम में भी महसूस किए गए। भूकंप सुबह 6:10 बजे आया और आसपास के इलाकों में हलचल मची।
विशेषज्ञों के अनुसार, भूकंप का केंद्र जितनी कम गहराई में होता है, इसका प्रभाव उतना ही अधिक खतरनाक हो सकता है। कम गहराई में आने वाले झटके स्थानीय क्षेत्रों में तीव्रता से महसूस होते हैं और संभावित नुकसान का खतरा बढ़ जाता है। सोमवार को 3.2 तीव्रता वाला एक भूकंप भी महसूस किया गया था, लेकिन वह जमीन से 60 किलोमीटर की गहराई पर था, इसलिए इसका असर कम रहा।
म्यांमार के अलावा तिब्बत में भी आज 3.3 तीव्रता का भूकंप आया, जिसका केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर नीचे था। हिमालयी क्षेत्र में भूकंप की गतिविधियां लगातार जारी हैं, जिससे स्थानीय प्रशासन और विशेषज्ञ सतर्क हैं।
हालांकि, अभी तक किसी तरह के जानमाल के नुकसान या इमारतों को नुकसान की कोई रिपोर्ट नहीं आई है। भूकंप के झटकों के मद्देनजर राज्य प्रशासन ने जनता से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।



