Muzaffarnagar Wife Mix Poison in coffee: मुजफ्फरनगर में पत्नी ने पति को जहर देकर मारने की कोशिश
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां पत्नी ने अपने पति को कॉफी में जहर मिलाकर पिला दिया। इससे पति अनुज की हालत गंभीर हो गई, जिसे मेरठ के एसडीएस ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना खतौली के गांव भंगेला की है। आरोपी पत्नी सन्नो उर्फ पिंकी घटना के बाद से फरार है, पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
अनुज की बहन मीनाक्षी ने पुलिस को बताया कि अनुज की शादी दो साल पहले गाजियाबाद की लोनी निवासी पिंकी से हुई थी। शादी के बाद से ही पिंकी अनुज को परेशान करती थी और झूठे केस में फंसाने की धमकी देती थी। उसने गाजियाबाद थाने में अपने पति पर मारपीट का केस भी दर्ज कराया था, जिसके बाद महिला थाने में दोनों के बीच समझौता हुआ था।
मीनाक्षी के अनुसार, पिंकी का शादी से पहले किसी और से प्रेम प्रसंग था और शादी के बाद भी वह फोन पर उससे लंबी बातें करती थी। अनुज को जब इस बात का पता चला तो उसने पिंकी का मोबाइल छीन लिया और उसके प्रेमी का फोटो देख लिया। प्रेमी कोई और नहीं, बल्कि पिंकी का रिश्ते का भांजा था।
25 मार्च की रात पिंकी ने अनुज को कॉफी में जहर मिलाकर पिला दिया। कुछ देर बाद अनुज की तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल वह बोलने की स्थिति में नहीं है और इशारों में अपनी बात कह रहा है।
इंस्पेक्टर बृजेश कुमार शर्मा ने बताया कि अनुज के बयान दर्ज किए गए हैं। उसकी बहन मीनाक्षी की शिकायत पर पिंकी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी पत्नी की तलाश में जुटी है।


