Muradabad Encounte: मुरादाबाद में बजरंग दल कार्यकर्ता हत्याकांड के चार आरोपियों का एनकाउंटर, पैर में लगी गोली
मुरादाबाद में पुलिस ने बजरंग दल कार्यकर्ता शोभित ठाकुर की हत्या के मामले में फरार चल रहे चार आरोपियों को एनकाउंटर में गिरफ्तार किया। चारों बदमाशों के पैर में गोली लगी है और उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी शहर से भागने की फिराक में हैं, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
बीते 29 सितंबर को शोभित ठाकुर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में थी। रविवार की रात अलग-अलग जगहों पर दो मुठभेड़ हुईं। पहली मुठभेड़ कल्याणपुर क्षेत्र में हुई, जहां दो आरोपियों को घायलावस्था में पकड़ा गया। दूसरी मुठभेड़ कटघर थाना क्षेत्र के गोट गांव के पास हुई, जिसमें दो अन्य आरोपी घायल हुए। चारों आरोपियों पर ₹25-25 हजार का इनाम घोषित था।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान अविनाश, रोहित, अक्कू और जतिन के रूप में की है। जांच में पता चला कि मृतक शोभित ठाकुर और अविनाश के बीच विवाद था। इसी रंजिश में अविनाश ने अक्कू से हत्या करवाने को कहा, और अक्कू ने तमंचे से गोली चला दी।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि चारों आरोपियों का इलाज जारी है और मामले की आगे की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस ने एनकाउंटर की कार्रवाई में पूरी सावधानी बरती और नागरिक सुरक्षा को प्राथमिकता दी।



