
MMU Vande Mataram: श्रीनगर में वक्फ दिवस समारोह में ‘वंदे मातरम’ बजाने पर MMU की आपत्ति, कानूनी राय लेने पर विचार
श्रीनगर, 25 नवंबर। जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड ने श्रीनगर में ‘वक्फ दिवस’ समारोह आयोजित किया, जिसमें ‘वंदे मातरम’ बजाया गया। इसके बाद मुत्ताहिदा मजलिस-ए-उलेमा ने इस पर कड़ा एतराज दर्ज कराया।
विभिन्न इस्लामी विचारधाराओं के संगठनों के इस समूह ने कहा कि वह पहले भी कई बार अपना रुख बता चुका है। उसके अनुसार तौहीद पर कोई समझौता नहीं हो सकता और मातृभूमि को ईश्वरीय दर्जा देना इस्लाम में वर्जित है।
MMU ने ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के रुख का भी हवाला दिया, जो धार्मिक और संवैधानिक आधार पर इसे अनिवार्य करने का विरोध कर चुका है।

संगठन ने आगे कहा कि आधिकारिक समारोह होने के बावजूद इसे बजाना वैकल्पिक था, कोई कानूनी मजबूरी नहीं थी। मुस्लिम धार्मिक संपत्तियों की संरक्षक संस्था द्वारा ऐसा करने से लोगों को ठेस पहुंची है।
MMU ने यह भी कहा कि मुस्लिम बहुल प्रदेश के सरकारी कार्यक्रमों में इसका शामिल होना आम हो चला है, जिससे अविश्वास बढ़ता है। संगठन अब कानूनी राय लेने पर विचार कर रहा है।
अगले कदम के तौर पर MMU अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर सरकारी कार्यक्रमों, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक आयोजनों में इसे जबरन शामिल करने पर रोक लगाने की मांग करेगा।





आपकी राय