
JK Foreign Terrorists: जम्मू-कश्मीर में 65 विदेशी आतंकी सक्रिय होने का आकलन, जम्मू संभाग के 4 स्थानीय आतंकियों की भी तलाश
जम्मू, 25 नवंबर। खुफिया एजेंसियों के ताजा आकलन के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में करीब 65 विदेशी आतंकी मौजूद हो सकते हैं, जिसके बाद जम्मू संभाग में तलाशी अभियान तेज किए गए हैं।
आकलन के अनुसार इन विदेशी आतंकियों में से लगभग 35 लश्कर-ए-तैयबा, 20 जैश-ए-मोहम्मद और शेष 10 अन्य गुटों से संबंधित हैं। कश्मीर घाटी में स्थानीय आतंकियों की संख्या शून्य बताई जा रही है।
जम्मू संभाग में चार स्थानीय आतंकी अभी भी पकड़ से बाहर हैं। इनमें जैश से जुड़ा निक्कू, जो कठुआ के बिलावर-मल्हार क्षेत्र से है, लंबे समय से कठुआ और उधमपुर के पहाड़ों में सक्रिय बताया जाता है।

बाकी तीन, यानी मोहम्मद अमीन उर्फ जहांगीर सरूरी, रियाज अहमद उर्फ हजारी और मुदासिर हुसैन, हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े हैं और किश्तवाड़ के दूरस्थ इलाकों में हैं। डच्छन में दो SPO की हत्या के बाद पुलिस ने इनके बारे में सूचना पर 30 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
अभियान को गति देने के लिए दुर्गम और ऊंचे क्षेत्रों में 80 से अधिक अस्थायी ऑपरेशन बेस खड़े किए गए हैं, जिनमें कई 10 हजार फीट से ऊपर हैं। यहां सेना, सीआरपीएफ और प्रदेश पुलिस के जवान तैनात हैं।
सर्दी शुरू होने के बाद बर्फबारी से आतंकियों के निचले पहाड़ी इलाकों की तरफ खिसकने की आशंका है। इसी वजह से कठुआ, उधमपुर, डोडा, किश्तवाड़, रियासी, पुंछ और राजौरी के संवेदनशील इलाकों में खोज अभियान बढ़ाया गया है।





आपकी राय