जगतपुरी का दौरा कर लोगो की समस्याएं जानी विधायक डॉ.अनिल गोयल ने
नई दिल्ली ( सी.पी.एन.न्यूज़ ) : कृष्णा नगर विधानसभा के विधायक डॉ. अनिल गोयल क्षेत्र की जनता की समस्याओं को लेकर लगातार विभिन्न वार्डों का दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने आज एफ ब्लॉक और जी ब्लॉक जगतपुरी वार्ड का दौरा किया और क्षेत्र की जमीनी स्थिति का निरीक्षण किया। डॉ. गोयल ने मौके पर स्थानीय निवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना। लोगों ने टूटी हुई सड़कों, सीवर और नालियों की खराब स्थिति, गंदे पानी की आपूर्ति और जल भराव की समस्याएं उनके सामने रखीं। इन मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने स्वयं प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी समस्याओं का शीघ्र और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा, “जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करना हमारा कर्तव्य है और मैं पूरी प्रतिबद्धता के साथ इस कर्तव्य का पालन करता रहूंगा।”
इस अवसर पर निगम पार्षद मीनाक्षी शर्मा, मंडल अध्यक्ष अनिल अरोड़ा, पूर्व निगम पार्षद प्रेम चौधरी, आर.डब्लू.ए. पदाधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे । डॉ. गोयल ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को सुधारने और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने का कार्य लगातार जारी रहेगा।



