Meerut Kanwar Accident: मेरठ में स्कूल बस से टक्कर के बाद कांवड़ियों ने की तोड़फोड़, पांच घायल, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

0
34

Meerut Kanwar Accident: मेरठ में स्कूल बस से टक्कर के बाद कांवड़ियों ने की तोड़फोड़, पांच घायल, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में कांवड़ यात्रा के दौरान एक बड़ा हंगामा देखने को मिला, जब एक स्कूल बस की टक्कर से नाराज़ कांवड़ियों ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया और बस में तोड़फोड़ कर दी। यह घटना सदर बाजार थाना क्षेत्र के बेगमपुल स्थित कैंटोनमेंट अस्पताल के पास हुई, जहां दीवान पब्लिक स्कूल की एक बस से एक कांवड़िया को हल्की टक्कर लग गई। इसके बाद घटनास्थल पर मौजूद कांवड़ियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने बस पर हमला बोलते हुए उसमें तोड़फोड़ कर डाली।

घटना में गाजियाबाद के फरीद नगर इलाके से आए पांच कांवड़िये घायल हो गए। घायलों की पहचान बॉबी पुत्र सुरेंद्र, अभिषेक पुत्र कमल, संदीप पुत्र कैलाश, राहुल पुत्र अशोक और सोनू पुत्र राहुल के रूप में हुई है। सभी घायलों को तत्काल पास के कैंटोनमेंट अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया और हालत सामान्य होने पर उन्हें छुट्टी दे दी गई।

इस पूरी घटना को गंभीरता से लेते हुए एडीजी भानु भास्कर ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। आबूलेन चौकी के दरोगा गौरव कुमार की ओर से अज्ञात कांवड़ियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और घटना के वीडियो फुटेज की मदद से हमलावरों की पहचान शुरू कर दी है और जल्द ही गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

गनीमत रही कि हादसे के समय स्कूल बस में कोई बच्चा मौजूद नहीं था, जिससे कोई बड़ा नुकसान टल गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को तुरंत नियंत्रण में लिया। पुलिस ने मौके पर मौजूद कांवड़ियों को शांत कराया और रास्ता साफ कर यातायात को बहाल किया। घटनास्थल पर अन्य कांवड़ियों की टोली नहीं होने के कारण मामला और अधिक नहीं बिगड़ा।

पुलिस प्रशासन अब हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। वहीं स्थानीय प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती और निगरानी को और अधिक सख्त करने के निर्देश दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here