Home देश दुनिया Mau Accident: बेटी की शादी से लौटते परिवार की कार ट्रेलर से...

Mau Accident: बेटी की शादी से लौटते परिवार की कार ट्रेलर से टकराई, पति-पत्नी-बेटे समेत पांच की मौत

0
27

Mau Accident: बेटी की शादी से लौटते परिवार की कार ट्रेलर से टकराई, पति-पत्नी-बेटे समेत पांच की मौत

उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के दोहरीघाट क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों से भरे परिवार को पलभर में उजाड़ दिया। रांची से बेटी की शादी कराकर लौट रहे एक परिवार की स्कार्पियो कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रहे ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में पति-पत्नी, उनके इकलौते बेटे और दो चालकों समेत कुल पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक गोरखपुर के खोराबार निवासी विनय श्रीवास्तव अपनी पत्नी अर्चना और 27 वर्षीय बेटे कृतार्थ के साथ बेटी की शादी के लिए रांची गए थे। शादी समारोह संपन्न होने के बाद परिवार किराए की स्कार्पियो से वापस लौट रहा था। वाहन में चालक पुरुषोत्तम और सहायक चालक नितीश भी मौजूद थे।

बताया जा रहा है कि देर रात करीब 2:30 बजे वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर कुसुम्हा-बशारतपुर के पास तेज रफ्तार स्कार्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई। वाहन पहले डिवाइडर से टकराया और फिर उछलकर दूसरी लेन में चला गया, जहां सामने से आ रहे ट्रेलर से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कार्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने के लिए पुलिस को घंटों मशक्कत करनी पड़ी।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी पांचों लोगों की मौत हो चुकी थी। शवों को निकालने के लिए गैस कटर और भारी मशीनों की मदद लेनी पड़ी। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार या चालक को आई झपकी इस दुर्घटना का कारण हो सकती है। हाईवे पर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में जाना इस बात का संकेत है कि वाहन की गति काफी अधिक थी और नियंत्रण खो गया।

इस हादसे के बाद मृतकों के गांव में शोक की लहर है। जिस परिवार में कुछ दिन पहले शादी की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश में जुटी है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here